भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत 22 नवंबर से होने जा रही है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत खेले जाने वाले इस सीरीज के लिए टीम इंडिया की तैयारियां जोरों पर चल रही है। हालांकि, इस दौरान टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी चोटिल भी हो गए हैं। इसके अलावा कप्तान रोहित शर्मा भी पहले टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। इस तरह तैयारी के साथ-साथ टीम इंडिया के सामने कुछ मुश्किलें भी खड़ी है। ऐसे में आइए जानते हैं पर्थ में खेलने जाने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए कैसी है टीम इंडिया की तैयारी।
टीम इंडिया को खलेगी रोहित शर्मा की कमी
टीम इंडिया के नियमित कप्तान रोहित शर्मा सीरीज के पहले टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे यह तय है। रोहित शर्मा हाल ही में दूसरी बार पिता बने हैं। ऐसे में वे अपनी फैमिली के साथ वक्त बिता रहे हैं। रोहित शर्मा पिछले कुछ समय से बेशक अपने फॉर्म में नहीं है, लेकिन इसके बावजूद टीम में उनकी मौजूदगी खिलाड़ियों को एक अलग ऊर्जा देने की काम करती। ऐसे में इस मोर्चे पर टीम इंडिया को रोहित शर्मा की कमी निश्चित रूप से खलने वाली है।
शुभमन गिल हो चुके हैं चोटिल
भारतीय क्रिकेट टीम को पर्थ टेस्ट मैच से पहले शुभमन गिल के रूप में एक बड़ा झटका लग चुका है। शुभमन गिल इंट्रा स्क्वाड के साथ प्रैक्टिस मैच में चोटिल हो गए। उनका अंगूठा फ्रैक्चर हो गया है। ऐसे में वे पहले टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल ठीक-ठाक खेला था। ऐसे में रोहित के बाद पहले टेस्ट मैच में शुभमन के नहीं होने से टीम इंडिया की बल्लेबाजी पर दबाव बढ़ना तय है।
तीसरे नंबर पर देवदत्त पड्डीकल को मिल सकता है
शुभमन गिल के चोटिल के बाद के बाद अब तीसरे नंबर बल्लेबाजी के लिए देवदत्त पड्डीकल का नाम सामने आ रहा है। शुभमन गिल पहले टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे यह तय है। पड्डीकल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इंडिया ए टीम के साथ थे और उन्होंने दमदार खेल का प्रदर्शन भी किया है। ऐसे में देवदत्त को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है उन्हें इसे बिल्कुल भी नहीं गंवाना चाहिए।
हर्षित राणा का हो सकता है टेस्ट डेब्यू
तेज गेंदबाज हर्षित राणा को भी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया में चुना गया है। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ हर्षित को तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका में देखा जा सकता है। हर्षित प्रैक्टिस मैच में लगातार 140 kmph की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए सबको खूब प्रभावित किया है। हर्षित के अलावा नीतिश रेड्डी को लेकर भी बात चल रही है कि उन्हें पर्थ टेस्ट मैच में मौका दिया जा सकता है।

