Site icon Kesaria News

मोदी सरकार का ‘खेलो इंडिया’ युवाओं के लिए खोल रहा नौकरियों के द्वार

केंद्र सरकार की तरफ से भारतीय खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा दिया गया है। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसको लेकर जो घोषणा की, वह सभी खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी लेकर आया है। अनुराग ठाकुर ने इस बात की घोषणा कर दी कि अब खेलो इंडिया अभियान के तहत खेलने वाले खिलाड़ी सरकारी नौकरी पाने के लिए योग्य होंगे। अनुराग ठाकुर ने एक पोस्ट के जरिए सोशल मीडिया एक्स प्लेटफॉर्म पर यह जानकारी दी।
पोस्ट में अनुराग ठाकुर ने लिखा है कि इसके जरिए सरकार की कोशिश है कि वह खेल महाशक्ति के रूप में भारत का निर्माण करे। इसके साथ ही इसके जरिए एथलीटों को समर्थन मिले ताकि वह खेलों के साथ जुड़ने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हो सके। दरअसल, इस घोषणा का सबसे ज्यादा फायदा पंजाब और हरियाणा को मिलने वाला है क्योंकि यहां से सबसे ज्यादा खिलाड़ी निकलकर सामने आते हैं और ओलंपिक खेलों में अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेते और मेडल हासिल करते हैं। केंद्र सरकार की तरफ से ‘खेलो इंडिया’
के तहत नौकरी की घोषणा यहां के युवाओं को खेल के प्रति और भी प्रोत्साहित करने वाला होगा। जहां एक तरफ पंजाब और हरियाणा के प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे हुए हैं।

केंद्र सरकार इन राज्यों के युवाओं के भविष्य को खेल के माध्यम से संवारने की पुरजोर कोशिश में लगी हुई है। वैसे देश के युवाओं की खासकर जिनका खेलों के प्रति आकर्षण ज्यादा है, उनके लिए सरकार की यह व्यवस्था उनके भविष्य के निर्माण के लिए सबसे सशक्त माध्यम बनने वाला है। खेलो इंडिया गेम्स का साल 2018 में पहली बार आयोजन किया गया था। ऐसे में अब इसमें एक बड़ा बदलाव किया गया है। अब इस खेलो इंडिया गेम्स में मेडल जीतने वाले एथलीट के लिए सरकारी नौकरी के लिए अप्लाई करने के दरवाजे खोल दिए गए हैं। पहले ये खिलाड़ी नौकरी पाने के लिए योग्य नहीं थे। ऐसे में अब खेलो इंडिया के तहत जिसमें यूथ गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स, पैरा गेम्स और विंटर गेम्स शामिल है, इसके खिलाड़ी सरकारी नौकरी के लिए योग्य होंगे।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version