बड़ी खबर केसरिया खबर @sms
17/जनवरी/2020
कैप्सूल से पराली गलाओ, वायुमंडल को प्रदूषित होने से बचाओ
आलोक हरदेनिया
दिल्ली/मप्र – किसानों को पराली जलाने की समस्या से निजात दिलाने का कृषि वैज्ञानिकों ने हल ढूंढ लिया है।भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली के माइक्रो बॉयोलोजी विभाग के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा कैप्सूल तैयार किया है, जो पराली को खेत में ही नष्ट कर देगा।
कैप्सूल का नाम पूसा डी कम्पोज कैप्सूल है, इस कैप्सूल को पांच लीटर गुड़ के घोल में मिलाया जाएगा।
इस घोल को पराली में स्प्रे कर दिया जाए तो पराली एक सप्ताह से दस दिन के अन्दर खेतों में ही गल जाएगी। उत्तरप्रदेश में पीलीभीत कलेक्टर वैभव श्रीवास्तव ने इसका डेमो खेत में करके दिखाया और किसानों को इसके विषय मे नवंबर माह में जानकारी भी दी।
1 एकड़ पराली के लिए लगेंगे सिर्फ चार कैप्सूल…
वैज्ञानिकों के अनुसार, एक एकड़ फसल अवशेष को नष्ट करने के लिए चार कैप्सूल लगेंगे। इसके इस्तेमाल के लिए 10 लीटर पानी गर्म करना है। जब पानी गर्म हो जाए तो 250 ग्राम गुड़ घोल बनाना है। जब घोल बनकर तैयार हो जाए तो उसमें इस कैप्सूल को मिलाकर इस घोल का छिड़काव पराली पर करना है। इस छिड़काव के 10 – 12 दिन में पराली गलकर खाद बन जायेगी ।
कृषि उपसंचालक होशंगाबाद कर रहे डेमो की तैयारी…
केसरिया न्यूज़ से बात करते हुए होशंगाबाद जिले के कृषि उपसंचालक जितेंद्र सिंह ने बताया कि उत्तरप्रदेश के पीलीभीत में इस कैप्सूल का सफलतापूर्वक डेमो कलेक्टर ने करके दिखाया है। कृषि विभाग होशंगाबाद ने भी कृषि अनुसंधान केंद्र से इस कैप्सूल को डेमो के लिए बुलाया जा रहा है। गेंहू की कटाई के समय होशंगाबाद जिले में भी हम इसका डेमो करने की तैयारी कर रहे है । जानकारी के मुताबिक पूसा डी कंपोज कैप्सूल का कोई भी साइड इफेक्ट अभी तक सामने नही आया है। वही इसके छिड़काव से फसल के मित्र कीट भी नष्ट नही होते है। जबकि पराली जलाने से फसल के मित्र कीट नष्ट हो जाते है।

