जीवन दायिनी नर्मदा…..

बड़ी खबर केसरिया खबर@sms

31/जनवरी/2020

नमामि देवी नर्मदे ….मध्यप्रदेश की जीवनदायिनी नर्मदा….

आलोक हरदेनिया होशंगाबाद मप्र

नर्मदा नदी देश की पवित्रतम नदियों में से एक है। नर्मदा नदी को प्रदेश की जीवनदायिनी इसलिए कहा जाता है क्योकि नर्मदा नदी के पानी से करोड़ो लोगो की प्यास बुझाई जाती है। नर्मदा नदी पर बांध बनाकर हजारों मेगावाट बिजली बनाई जाती है। लाखो हेक्टेयर भूमि की सिंचाई भी नर्मदा नदी के पानी से होती है।नर्मदा नदी पर कई बड़े बांध एवं संरचनाये बनाई गई है। जिनसे सिंचाई होती है। इसी सिंचाई के आधार पर प्रदेश की खेती समृद्ध हुई है। जिससे लगातार प्रदेश को कृषि कर्मण पुरस्कार प्राप्त हुआ है। नर्मदा नदी का पानी किसान को समय पर मिल जाने के कारण ही आज उत्पादन के मामले में मध्यप्रदेश ने पंजाब को भी पीछे छोड़ दिया है।

नर्मदा भारत की पांचवी सबसे लंबी नदी है,यह 1312 कि.मी बहती है ।

नर्मदा के प्रति लोगो की गहरी आस्था …

हिंदू धर्म के ग्रंथ रामायण , महाभारत ,जैसे और भी ग्रंथो में नर्मदा नदी का बड़ा महत्व बताया गया है। विश्व नर्मदा जी ही एक मात्र ऐसी नदी है जिनकी लोग परिक्रमा करते है।जगत गुरु आदि शंकराचार्य ने भी नर्मदा नदी की परिक्रमा करने के बाद ही अपने उच्चतम सोपान को प्राप्त कर पाये थे। नर्मदा के भक्त कहते है कि नर्मदा हर मुराद पूरी करती है। और भक्त भी पूरे श्रद्धा भाव के साथ माँ नर्मदा की भक्ति करते है। नर्मदा की परिक्रमा करने विदेश भी लोग आते है। और टूरिस्ट वीसा लेकर नर्मदा परिक्रमा करते है। देश के कई राजनेताओं ने भी नर्मदा जी की पैदल परिक्रमा की है।

नर्मदा नदी भारत की अधिकांश नदियों के विपरीत बहती है…

नर्मदा नदी के तटों पर साहित्य,कला,संस्कृति,पुरातत्व, और सामाजिक समरसता का एक साथ दिग्दर्शन होता है। नर्मदा नदी अधिकांश नदियों के विपरीत बहती है। याने पूर्व से पश्चिम की ओर इसी वजह से जनमानस में एक बुंदेलखंडी बमबुलिया (लोकगीत) प्रचलित है।

नरबदा मैया उल्टी बहे रे…
तिरवेनी बहे सूदी सीधी धार रे,नरबदा अरे हो, नरबदा मैया ऐसी तो मिली रे, अरे ऐसे तो मिले, जैसे मिल गये मताई बाप रे
….

अवैध उत्खनन से बड़े पैमाने पर हो रहा नदी की सेहत से खिलवाड़…

जीवनदायिनी नदी में रेत माफिया सरेआम अवैध उत्खनन करते हुए घाटों पर देखे जा सकते है। रेत माफिया के लोग नदी से जरूरत से ज्यादा से रेत का अवैध उत्खनन करते रहते है। जिससे नदी की सेहत पर इसका असर साफ दिखता है। लेकिन इन्हें रोकने के लिए सरकार और प्रशासन कोई भी कड़े कदम उठाते हुए नही दिख रहे है। जिसके चलते अवैध रेत उत्खनन का खेल बदस्तूर जारी है।

रासायनिक खाद और कीटनाशक से भी नुकसान…

नर्मदा नदी के किनारों से लगे खेतो में किसान फसल में रासायनिक खाद और कीटनाशक का बेजा इस्तेमाल करता है। यह दवाई फसल पर 0.1प्रतिशत पड़ती है । बाकी की दवा वायुमंडल में और जमीन पर पड़ती है । बाद यही दवा जमीन से रिसकर हमारे भूमिगत जल में मिल जाती है। और नदी में पहुँचकर पानी को प्रदूषित करती है। इनके दुष्प्रभाव से पानी को शुद्ध करने वाले जलचर जीव विलुप्त होते जा रहे है।

उल्लेखनीय घटना ……..

देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ, राजेन्द्र प्रसाद जब पहली बार होशंगाबाद आये, तब वह दर्शन करने सेठानीघाट पहुँचे। नर्मदा नदी का पावन स्वच्छ जल देखकर उनका मन स्नान करने को हुआ । चूंकि राष्ट्रपति अस्थमा के मरीज थे । और तब ठंड का ही मौसम था। उनकी सुरक्षा में लगे डॉक्टरों ने उन्हें काफी समझाया कि आप स्नान नही करे। लेकिन राष्ट्रपति मानने को तैयार नही हुए। तभी वहां मौजूद एक तपस्वी साधु ने राष्ट्रपति को समझाया जो पुण्य गंगा में स्नान करने से मिलता है। वही पुण्य नर्मदा जी के दर्शन मात्र से मिलता है। राष्ट्रपति ने साधु की बात मानते हुए स्नान का विचार छोड़ पूजन और दर्शन किये ।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।