धौलपुर जिले के दौरे पर पहुंचे भरतपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने मंगलवार को एसपी ऑफिस,सीओ ऑफिस और निहालगंज पुलिस थाना का निरीक्षण कर एसपी ऑफिस में जनसुनवाई का दरबार लगा कर पीड़ित लोगो की समस्याएं सुनी। महिला उत्पीड़न के मामलों में समय रहते कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं साथ ही धौलपुर एसपी द्वारा क्राइम को कंट्रोल करने की बात कही है।
धौलपुर,राजस्थान 12/नवंबर /2024
विजय शर्मा…
पुलिस की कार्यशैली का निरीक्षण कर आईजी राहुल प्रकाश ने एसपी ऑफिस में जनसुनवाई की । आईजी की जनसुनवाई को देख पीड़ित और शिकायतकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी,लोगों द्वारा झगड़ा,चोरी,लाठी भाटा,जमीनी विवाद आदि अपराध से संबंधित मामलों के परिवाद पेश किये।
आईजी द्वारा संबंधित थाना अधिकारी और इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर को मामले में तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि पीड़ित और शिकायतकर्ता को न्याय दिलाना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। आमजन में पुलिस का इकबाल बुलंद रहना चाहिए। अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास कराना पुलिस का पहला ध्येय है। लंबित मुकदमों का संबंधित जांचकर्ता अधिकारी जिम्मेदारी के साथ निस्तारण करें। कोताही किसी भी प्रकार की बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुखबिर तंत्र को मजबूत कर काम करे। जिले के सभी पुलिस थानों में रात्रि गश्त व्यवस्था का पालन जिम्मेदारी के साथ किया जावे। धौलपुर जिला उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश का सीमावर्ती है। ऐसे में अपराधियों की आमद रफद बने रहने की संभावना रहती है। जिले की सभी सीमाओं पर गश्त व्यवस्था और नाकाबंदी चाक चौबंद की जाए। उन्होंने समाज के लोगों से भी अपील करते हुए कहा की अपराध पर अंकुश लगाने के लिए समाज का सहयोग जरूरी होता है। अपराध एवं अपराधियों के होने पर पुलिस को समय रहते अवगत कराए।
आईजी राहुल प्रकाश ने सभी वृत्त अधिकारियों की बैठक लेकर कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों में समय रहते कार्रवाई की जाए। किसी भी पीड़िता के पुलिस थाने पहुंचने पर न्याय देने की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने धौलपुर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगा है। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम वर्क के साथ काम कर रही है।
राहुल प्रकाश,आईजी,भरतपुर रेंज

