Site icon Kesaria News

जोमैटो से खाना मंगवाना हुआ महंगा, दिवाली से पहले कंपनी ने दिया ग्राहकों को झटका, जानें क्या किया ऐसा

नई दिल्ली: ऑनलाइन फूड डिलीवर कंपनी जोमैटो ने दिवाली से पहले ग्राहकों को झटका दिया है। त्योहारी सीजन को देखते हुए कंपनी ने प्लेटफॉर्म फीस में 40 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी कर दी है। इससे ग्राहकों को इस प्लेटफॉर्म से खाना मंगवाना महंगा हो गया है। कंपनी का कहना है कि फीस में बढ़ोतरी इसलिए की गई है ताकि कंपनी को चालू रखा जा सके।

कंपनी ने प्लेटफॉर्म फीस प्रति ऑर्डर 7 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दी है। यह फीस खाना मंगवाने वाले शख्स से ली जाती है। ऐसे में जो भी कस्टमर जोमैटो से खाना मंगवाएगा, उसे अब ज्यादा पैसा देना होगा। इस बारे में कंपनी ने कहा है, ‘यह शुल्क जोमैटो को चालू रखने के लिए हमारे बिलों का भुगतान करने में मदद करता है। त्योहारी सीजन के दौरान सेवाओं को बनाए रखने के लिए इसमें थोड़ी बढ़ोतरी की गई है।’

एक साल में 400% की बढ़ोतरी

कंपनी ने प्लेटफॉर्म फीस में एक साल में 400 फीसदी की बढ़ोतरी की है। अगस्त 2023 से कंपनी ने प्लेटफॉर्म फीस लेना शुरू किया था। उस समय कंपनी 2 रुपये लेती थी। धीरे-धीरे कंपनी इस शुल्क में बढ़ोतरी करती गई। अब कंपनी ने इसे बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया है।

मुनाफे के बाद शेयर में उछाल

कंपनी को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में सालाना आधार पर करीब 389 फीसदी का मुनाफा हुआ है। यह मुनाफा बढ़कर 176 करोड़ रुपये हो गया है। एक साल पहले की समान तिमाही में जोमैटो का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 36 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी के रेवेन्यू में भी 68.50% की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने मंगलवार को दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए थे।

नतीजों के बाद आज कंपनी के शेयरों में तेजी देखी गई। कंपनी के शेयर में दोपहर तक डेढ़ फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है। इस बढ़ोतरी के साथ कंपनी का शेयर अभी 260 रुपये से कुछ ऊपर है।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version