Site icon Kesaria News

यह शेख कौन जिसकी बदौलत UAE स्‍टॉक मार्केट $1 ट्रिलियन के पार, उनके शेयर का रिटर्न 43000%

नई दिल्‍ली: अबूधाबी के शाही परिवार से जुड़ी कंपनियों में तेजी के चलते संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शेयर बाजार का कुल वैल्‍यूएशन 1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है। शेख तहनून बिन जायद अल नाहयान से जुड़ी कंपनियों का इस उछाल में बड़ा हाथ है। यह पहली बार हुआ है जब UAE के शेयर बाजार का संयुक्त मूल्यांकन 1 ट्रिलियन डॉलर को पार कर गया है। इसमें दुबई और अबूधाबी के एक्सचेंज शामिल हैं।

शेख तहनून बिन जायद अल नाहयान का कमाल

इस उपलब्धि में शेख तहनून बिन जायद अल नाहयान से जुड़ी कंपनियों का योगदान महत्वपूर्ण है। अबूधाबी के दो डिप्टी रूलर्स में से एक, UAE के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और राष्ट्रपति के भाई शेख तहनून 1.5 ट्रिलियन डॉलर के साम्राज्य के साथ दुनिया के सबसे शक्तिशाली व्यवसायियों में से एक के रूप में उभरे हैं।

इस साम्राज्य में इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) भी शामिल है, जिसके चेयरमैन शेख तहनूर हैं। पिछले कुछ वर्षों में IHC के शेयरों में 43,000% से अधिक की ग्रोथ हुई है। इसका बाजार पूंजीकरण लगभग 250 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जो संयुक्त एक्सचेंजों के कुल मूल्य का एक चौथाई है।

क्‍या करती है IHC?

अबूधाबी स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, IHC में 88% हिस्सेदारी स्थानीय लोगों के पास है। IHC, जो पहले मछली पालन का व्यवसाय करती थी, अब UAE की अर्थव्यवस्था को तेल पर निर्भरता से दूर करने के प्रयासों में सबसे आगे है।

कंपनी और उसकी सहायक कंपनियों ने कई व्यवसायों में निवेश किया है। इसमें रिहाना की लॉन्जरी लाइन, एलन मस्क की स्पेसएक्स और अमीरात की सबसे बड़ी प्रॉपर्टी डेवलपर एल्डर प्रॉपर्टीज PJSC शामिल हैं।

शेख तहनून फर्स्ट अबूधाबी बैंक PJSC के चेयरमैन भी हैं। इसने 2023 में ब्रिटेन के स्टैंडर्ड चार्टर्ड Plc के लिए बोली लगाने पर विचार किया था। ET की रिपोर्ट के अनुसार, बैंक और IHC का संयुक्त रूप से अबू धाबी के बेंचमार्क FTSE ADX जनरल इंडेक्स पर 50% से अधिक का भार है।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version