भोपाल: मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री और डेप्युटी सीएम जगदीश देवड़ा ने सोमवार को शराब कारोबारियों के लिए आबकारी विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यशाला में हिस्सा लिया। कांग्रेस ने इसकी आलोचना की है।
आबकारी नीति पर होनी थी चर्चा
17 अक्टूबर को जारी सरकारी अधिसूचना में कहा गया था कि यह बैठक वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आबकारी नीति पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी। देवड़ा ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष के लिए आबकारी विभाग का राजस्व लक्ष्य 16,000 करोड़ रुपये है।
कांग्रेस का गंभीर आरोप
कार्यशाला में उन्होंने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि आप सभी के समन्वित प्रयासों से हम इस लक्ष्य को हासिल कर लेंगे।’ लेकिन कांग्रेस ने दावा किया कि बैठक विशेष रूप से शराब के व्यापार को बढ़ावा देने और अधिक राजस्व अर्जित करने के लिए थी।
कांग्रेस ने साधा निशाना
प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के मीडिया सलाहकार केके मिश्रा ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘मप्र में बेटियां और महिलाएं सुरक्षा के लिए रो रही हैं। कहीं बलात्कार, कहीं अपहरण तो कहीं सामूहिक बलात्कार हो रहे हैं। गांव की गलियों से लेकर शहरों और हाईवे तक मौत के कुएं बने हुए हैं, हादसे हो रहे हैं, असमय मौतें हो रही हैं। किसान खाद के लिए परेशान हैं। लेकिन सरकार को शराब के ठेकेदारों की चिंता है।’

