Site icon Kesaria News

बांधवगढ़ में हाथियों की मौत मामले पर सीएम मोहन यादव ने बुलाई इमरजेंसी बैठक, 24 घंटे में रिपोर्ट देने के आदेश

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथियों के साथ हुई त्रासदी पर आपातकालीन बैठक बुलाई है। बांधवगढ़ में अब तक 10 हाथियों की मौत हो चुकी है। इस घटना से पूरे प्रदेश में खलबली मच गई थी।

ये दिग्गज अधिकारी जाएंगे बांधवगढ़

सीएम मोहन ने घटना के संपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए उच्चस्तरीय दल भेजने के निर्देश दिए हैं। इनमें दिग्गज अधिकारी और नेता शामिल हैं। वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार और दो वरिष्ठ अधिकारी बांधवगढ़ जाएंगे। वन राज्य मंत्री के साथ अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल और राज्य वन बल प्रमुख पीसीसीएफ असीम वास्तव भी उमरिया जाएंगे।

24 घंटे में सौंपेंगे रिपोर्ट

सीएम मोहन यादव ने बांधवगढ़ में हो रही हाथियों की मौत पर सख्त निर्देश देते हुए 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के आदेश भी दे दिए हैं। इस मीटिंग में एमपी मुख्य सचिव अनुराग जैन वर्चुअली जुड़े।

रिपोर्ट आने में लगेंगे चार दिन

मुख्यमंत्री निवास में अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉक्टर राजेश राजौरा अपर मुख्य सचिव वन अशोक वर्णवाल एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री मोहन यादव को बैठक में बताया गया कि एक्सपर्ट ने हाथियों की मृत्यु के संबंध में की गई जांच की रिपोर्ट आने में चार दिन लगेंगे। इस दौरान घटना से जुड़े दूसरे बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version