Site icon Kesaria News

बीआरटीएस कारिडोर के हटने से बैरागढ़ में तीन प्रमुख चौराहों पर अंडरपास बनने की राह आसान

भोपाल। बैरागढ़ में मेन रोड से बीआरटीएस कारिडोर हटाए जाने के बाद तीन प्रमुख चौराहों पर अंडरपास बनाने की राह आसान हो गई है। बता दे कि आठ साल पहले नगर निगम ने यहां पर अंडरपास बनाने का प्रस्ताव बनाया था, लेकिन जगह की कमी के कारण इस पर अमल नहीं हो सका।
बाद में बीआरटीएस लेन बनने के कारण कई मार्ग चौड़े हो गए, इससे अंडर पास की जगह भी निकल आई। हाल ही में नगर निगम ने बीआरटीएस कारिडोर हटाने का काम प्रारंभ किया है। जल्द ही संतजी की कुटिया से सीहोर नाके तक कारिडोर हटाने का काम पूरा हो जाएगा। ऐसे में अंडरपास आसानी से बन सकता है।
बैरागढ़ में सबसे अधिक यातायात चंचल रोड पर है। यहां अंडरपास बना तो लोग शिव मंदिर गोल चक्रा तक आसानी से पहुंच सकते हैं। पुराने बस स्टैंड के आसपास भी ट्रैफिक तेजी से बढ़ा है। इसे देखते हुए यहां पर भी अंडरपास बनना जरूरी है। संत हिरदाराम शापिंग काम्पलेक्स के आसपास भी आवाजाही तेजी से बढ़ रही है। यहां भी अंडरपास बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। इंडियन बैंक रोड से नेहरू क्लाथ मार्केट की तरफ आने के लिए भी आवाजाही में परेशानी होती है। ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से रोड क्रास करने में लोगों को दिक्क्त होती है। अंडरपास बनने से राहत मिलेगी। कपड़ा संघ के पूर्व अध्यक्ष त्रिलोक दीपानी का कहना है कि लोकसभा चुनाव के बाद इस संबंध में प्रयास किए जाएंगे। व्यापारियों का कहना है कि चंचल रोड पर सब-वे बनाया जा सकता है। न्यू मार्केट की तरह भूमिगत सब-वे में दुकानों का निर्माण भी हो सकता है।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version