कुपोषित बच्चों का फॉलोअप करें अधिकारी-डॉ जटिया…

बड़ी खबर केसरिया खबर@sms

11-12/फरवरी/2020

भ्रमण के दौरान कुपोषित बच्चों का फॉलोअप करें अधिकारी – डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया.. अभिसरण कार्ययोजना की समीक्षा में कलेक्टर के निर्देश

मण्डला 11 फरवरी 2020

महाकोशल ब्यूरो
पोषण अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय अभिसरण कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया ने निर्देशित किया कि कुपोषण पर नियंत्रण पाने के लिए सभी विभाग समन्वित कार्ययोजना बनाकर कार्य करें।

उन्होंने कहा कि अति कुपोषित बच्चों की सूची जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर संधारित की जाए तथा भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारी इन बच्चों से फॉलोअप करें। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में महिला एवं विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता जाधव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया ने निर्देशित किया कि महिला एवं बाल विकास के परियोजना अधिकारी अपने अधीनस्थ पर्यवेक्षकों के कार्यों की सतत समीक्षा करें। पर्यवेक्षकों द्वारा किए जा रहे क्षेत्र भ्रमण की रिपोर्ट को वरिष्ठ अधिकारी क्रॉस चैक करें। उन्होंने निर्देशित किया कि कुपोषित बच्चों को एन.आर.सी. में भर्ती कराया जाये। सुनिश्चित किया जाए कि एन.आर.सी. में सीट खाली न रहे। मध्यान्ह भोजन एवं पोषण आहार में अनिवार्य रूप से डबल फोर्टिफाईड नमक का उपयोग किया जाए।

साथ ही कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में हितग्राहियों की संख्या के अनुसार समय पर आयरन सिरप व गोलियां, कैल्सियम व जिंक की गोलियां, ओ.आर.एस. व कृमिनाशक गोलियां उपलब्ध कराई जावें। बच्चों, किशोरियों व गर्भवती महिलाओं की समय-समय पर हीमोग्लोबिन जांच की जाये। आंगनवाड़ी स्तर पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाये।

टीकाकरण की चर्चा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रसवपूर्ण जांच तथा बच्चों व गर्भवती महिलाओं का शतप्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाये। कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया ने कहा कि सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जल स्त्रोतों का क्लोरीनेशन कराया जाये। आंगनवाड़ी केन्द्रों व कुपोषित बच्चों के घरों में क्लोरीन टेबलेट व ड्रॉप्स उपलब्ध कराये जाये। उन्होंने कुपोषण वाले ग्रामों में जल परीक्षण करने के निर्देश दिये।

डॉ. जटिया ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि किराये के भवनों में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों के लिए सरकारी भवन उपलब्ध कराए जायें। किशोरियों को नियमित तौर पर आयरन की गोलियों का सेवन कराया जाये। उन्होंने स्कूलों में बच्चों एवं किशोरियों के लिए माह में दो बार पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा पर सत्र आयोजित करने तथा स्वसहायता समूह एवं संगठनों के समस्त पदाधिकारियों का स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिये। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, खाद एवं आपूर्ति आदि विभागों से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।