Site icon Kesaria News

देवास-उज्जैन-बदनावर फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य जून तक होना है पूरा पर निर्माण कार्य की गति धीमी

उज्जैन। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-752-डी देवास-उज्जैन-बदनावर फोरलेन सड़क का निर्माण जून- 2024 तक पूरा कराने का दावा है। मार्ग पर एक पुल महावीर तपोभूमि के समीप इंदौर रोड पर और दूसरा चिंतामन क्षेत्र में रेलवे पटरी के ऊपर बन रहा है। काम की गति वर्तमान में धीमी है, जिसके कारण प्रोजेक्ट कुछ सप्ताह विलंब से पूरा होने की संभावना है।
मालूम हो कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) 907 करोड़ रुपये से उज्जैन जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-752-डी में 69.10 किलोमीटर लंबा उज्जैन-बदनावर फोरलेन सड़क का निर्माण करवा रहा है। निर्माण अक्टूबर 2022 में शुरू हुआ था। देवास रोड तरफ इस मार्ग का निर्माण पूर्ण हो चुका है। कहा गया कि फोरलेन मार्ग उज्जैन के सात गांवों (मेंडिया, चांदमुख, चिंतामण जवासिया, गंगेड़ी, मंगरोला, पिपलिया राघाै व रत्नाखेड़ी) से होकर गुजरेगा। इस रोड से, इंदौर रोड की सीधी कनेक्टिविटी होगी।
इंदौर से आने वाले वाहन चालक इस रास्ते से कम समय में बड़नगर या बदनावर आ-जा सकेंगे। उन्हें शहर आने की आवश्यकता नहीं हाेगी। फोरलेन मार्ग बनने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधि तेज होंगी। आसपास की जमीन पर स्कूल-कालेज, होटल-रेस्त्रां, फार्म हाउस, वेयर हाउस, पेट्रोल पंप आदि खुलेंगे। महाकुंभ सिंहस्थ के दरमियान सड़क पर यातायात दबाव कम करने में ये मार्ग काफी लाभदायक सिद्ध होगा। फोरलेन निर्माण के लिए 3.262 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित हुई है। याद रहे है कि फोरलेन सड़क बनाने को शिलान्यास फरवरी- 2022 में केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। उन्होंने 6247 करोड़ रुपये से बनने वाली 534 किलोमीटर लंबी 11 सड़कों का शिलान्यास किया था।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version