जबलपुर। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव लोकसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के अंतिम समय में जबलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने विंध्य की पहले चरण की छह सीट पर जीत का दावा किया। उन्होंने कांग्रेस के राहुल गांधी के चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि राहुल बाबा जो उत्तर भारत में अपनी सीट नहीं बचा सके, पिछले लोकसभा चुनाव में हारते हुए दक्षिण की तरफ चले गए थें इस बार तो भाजपा 400 पार के नारे को सार्थक बनाने जा रही है ऐसे में राहुल गांधी को केरल के बाद समुद्र पार करके कोई अन्य सीट पर चुनाव लड़ने जाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घमंडिया गठबंधन के बूते पर जिस तरह से छह-आठ माह से यह लोग माहौल बना रहे थे वह पूरी तरह से फेल साबित हो गए। डा.यादव ने बताया कि राहुल गांधी को पश्चिम बंगाल में सभा के लिए जगह नहीं उपलब्ध करवाई। जिस तरह से हालात बने हैं उससे आगे झारखंड और बिहार राज्यों में भी ऐसा ही होगा। द्ष्टि पत्र के दौरान उनके साथ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, पूर्व मंत्री और विधायक अजय विश्नोई, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक अभिलाष पांडे, विधायक नीरज सिंह, विधायक संतोष बरकड़े, नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, शुभम अवस्थी, नितिन भाटिया, रविन्द्र तिवारी सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।
साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि राम लला के जन्मोत्सव के अवसर पर सीधे सूर्य की किरणों से रामलला का अभिषेक संपन्न हुआ हैं। इस अदभुत क्षण देखने का अवसर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वजह से मिला। उन्हीं कुशल नेतृत्व के कारण आज रामलला टेंट से उठकर भव्य राम मंदिर में विराजमान हैं।

