बारबाडोस: वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने मैदान पर कुछ ऐसा कर दिया जो क्रिकेट इतिहास में इससे पहले कभी देखने को नहीं मिला। केंसिंग्टन ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान यह कैरेबियाई पेसर अपना आपा खो बैठा। जोसेफ इतने गुस्से में थे कि बीच मैच में ही मैदान से बाहर चले गए, जिससे उनकी टीम को पूरे ओवर के लिए 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
फील्ड सेटिंग से नाखुश थे जोसेफ
यह घटना तीसरे ओवर के बाद की है, जब अल्जारी जोसेफ को अपने कप्तान शाई होप के साथ फील्ड प्लेसमेंट पर लंबी चर्चा करते देखा गया। हालांकि, अल्जारी जोसेफ अपने कप्तान से मिली फील्ड से खुश नहीं दिखे। इस घटना से क्रोधित होकर जोसेफ ने जॉर्डन कॉक्स को 148 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली बाउंसर फेंकी और इंग्लिश बल्लेबाज के पास इसका कोई जवाब नहीं था। कॉक्स ने लाइन से बाहर जाने की कोशिश की, लेकिन खेलने में काफी देर कर बैठे। गेंद उनके ग्ल्वस को छूती हुई शाई होप तक पहुंच गई।

