Site icon Kesaria News

धौलपुर में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब!

धौलपुर में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब

भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का मंगल शुभारंभ

धौलपुर-विजय शर्मा…

शहर सोमवार को पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया। धौलपुर समस्त भक्त मंडल एवं श्री किशोरी कृपा सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ विशाल कलश यात्रा के साथ किया गया।

कलश यात्रा काली माई मंदिर से प्रारंभ होकर बजरिया, तोप तिराया, सब्जी मंडी और पैलेस मार्ग से होती हुई कथा स्थल राधा बिहारी मंदिर (पैलेस रोड) पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।

पीत वस्त्रों में सजी महिलाओं ने बढ़ाई शोभा..

कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सिर पर मंगल कलश धारण किए पीत वस्त्रों में सजी महिलाएं भक्ति गीत गाते हुए चल रही थीं। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, जिससे पूरे मार्ग में उत्सव का वातावरण बना रहा। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया।

व्यवस्थाओं में जुटे आयोजक, गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित..

कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु समस्त भक्त मंडल धौलपुर एवं श्री किशोरी कृपा सेवा संस्थान के पदाधिकारी व्यवस्थाओं को संभालते नजर आए। कार्यक्रम के संरक्षक एवं प्रमुख सेवादारों में भोला गुप्ता, संगीता गुप्ता, विजय शर्मा, सुनील जगरिया, उपेंद्र दीक्षित, रामकिशोर पाठक, विक्की गुप्ता, सुनीता लवानिया, सीमा अग्रवाल, नीलम शर्मा, स्नेहा, ललिता गुर्जर, किशन यादव सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

आज से बरसेगी अमृत वर्षा..

कथा प्रवक्ता योगेश कृष्ण महाराज (वृंदावन) ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है तथा ईश्वर से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर जीवन को सार्थक बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का वाचन 22 दिसंबर से 28 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version