रायपुर। केंद्रीय योजना प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से घरेलू महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। प्रदेश में अब तक 36,76,260 महिलाओं के चेहरे खिले हैं और रसोई के काले धुएं से छुटकारा मिला है। महिलाएं अब चूल्हा नहीं फूंकती है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर और गैस चूल्हा वितरित किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में योजना के तहत महिलाओं को महज 976 रुपये में रसोई गैस का सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना लांच होने से पहले लाखों महिलाएं जलाऊ लकड़ी, कोयला और गाय के गोबर के उपलों जैसे खाना पकाने के पारंपरिक ईंधन का उपयोग करने मजबूर थीं। धुएं से भरी रसोई में भोजन पकाने की वजह से दिनभर खांसना और सांस लेने में परेशानी होना सामान्य बात थी।
यही नहीं महिलाओं का स्वास्थ्य खराब होने के साथ-साथ पर्यावरण संबंधी चुनौतियां भी पैदा हो रही थी। ऐसे में महिलाओं ने इन समस्याओं से निजात पाने की उम्मीद ही छोड़ दी थी, लेकिन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं की जिंदगी बदल दी। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को इसका काफी लाभ मिला है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वल योजना के पहले चरण में प्रदेश की 34,92,221 महिलाएं लाभान्वित हुई हैं, इसमें सबसे अधिक बिलासपुर की 2,80,345 शामिल है। दूसरे चरण में 1,84,039 महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। दूसरे चरण में सिलेंडर के लिए 2,49,533 का केवाइसी हो चुका है।
पीएम उज्ज्वला योजना से छत्तीसगढ़ की महिलाओं के जीवन में आया बड़ा बदलाव, 36.76 लाख को चूल्हा फूंकने से मिली मुक्ति

