नई दिल्ली: ऑनलाइन फूड डिलीवर कंपनी जोमैटो ने दिवाली से पहले ग्राहकों को झटका दिया है। त्योहारी सीजन को देखते हुए कंपनी ने प्लेटफॉर्म फीस में 40 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी कर दी है। इससे ग्राहकों को इस प्लेटफॉर्म से खाना मंगवाना महंगा हो गया है। कंपनी का कहना है कि फीस में बढ़ोतरी इसलिए की गई है ताकि कंपनी को चालू रखा जा सके।
कंपनी ने प्लेटफॉर्म फीस प्रति ऑर्डर 7 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दी है। यह फीस खाना मंगवाने वाले शख्स से ली जाती है। ऐसे में जो भी कस्टमर जोमैटो से खाना मंगवाएगा, उसे अब ज्यादा पैसा देना होगा। इस बारे में कंपनी ने कहा है, ‘यह शुल्क जोमैटो को चालू रखने के लिए हमारे बिलों का भुगतान करने में मदद करता है। त्योहारी सीजन के दौरान सेवाओं को बनाए रखने के लिए इसमें थोड़ी बढ़ोतरी की गई है।’
एक साल में 400% की बढ़ोतरी
कंपनी ने प्लेटफॉर्म फीस में एक साल में 400 फीसदी की बढ़ोतरी की है। अगस्त 2023 से कंपनी ने प्लेटफॉर्म फीस लेना शुरू किया था। उस समय कंपनी 2 रुपये लेती थी। धीरे-धीरे कंपनी इस शुल्क में बढ़ोतरी करती गई। अब कंपनी ने इसे बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया है।

