भरोसा या बचन- अतिथि विद्वान और मंत्री जीतू पटवारी के बीच हुई बातचीत के बाद भी बेचैन नजर आए अतिथि विद्वान ।
भोपाल मप्र 12/अक्टूबर/2019
केसरिया खबर केसरिया नज़र@sms
कांग्रेस के वचन पर उच्च शिक्षा मंत्री का फिर एक और वचन!
भोपाल – मध्यप्रदेश के सरकारी कॉलेज में छात्र-छात्रओं को शिक्षा दे रहे अतिथि विद्वान अपने अनिश्चित भविष्य के साथ पिछले 20 वर्षो से भी ज्यादा समय से अपनी सेवा दे रहे है। लेकिन पूर्व की सरकारों ने अतिथि विद्वान की बदहाल स्थिति का जायज़ा लेने की कभी कोशिश तक नही की, यहां तक कि प्रदेश की उच्च शिक्षा की ज़िम्मेदारी संभालते-संभालते कई अतिथि विद्वान नियमितीकरण की आस लगाए ओवर ऐज (अधिक आयु) के हो गए। नियमतीकरण की मांग को लेकर इंदौर से निकाली जा रही अतिथि विद्वानों की न्याय यात्रा आज राजधानी में भोपाल के नीलम पार्क पहुँची। यहाँ अतिथि विद्वानों से मिलने उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी, विधायक कुणाल चौधरी एवं बसपा विधायक रामबाई पहुँची और उनके बीच बैठकर उनकी मांगों पर उनसे चर्चा की ।
उच्च शिक्षा मंत्री ने दिया अतिथि विद्वानों को नियमितीकरण का भरोसा
नीलम पार्क पहुचे उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने अतिथि विद्वानों की विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अतिथि विद्वान हमारे परिवार के सदस्य है हम उनका पूरा ध्यान रख रहे है। असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती से अतिथि विद्वानों की स्थिति में कोई परिवर्तन नही होगा एवं अथिति विद्वानों को संभाग के अंदर ही सेवा में व्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि अतिथि विद्वानों के नियमितीकरण के लिए प्रक्रिया प्रारंभ की गई है और इसके लिए एक समिति का निर्माण किया गया है। जल्द नियमितीकरण पूरा किया जाएगा।
अतिथि विद्वानों ने राजधानी में अर्धनग्न होकर याद दिलाया वचन
अतिथि विद्वानो ने नियमितीकरण की मांग को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन। अतिथि विद्वान संघर्ष मोर्चा के संयोजक डॉ देवराज सिंह और डॉ सुरजीत भदौरिया ने कहा है कि कांग्रेस सरकार की नियमितीकरण और वचनपत्र के प्रति उदासीन रवैये से आज अतिथि विद्वान इतने व्यथित और रोष में है कि हजारों अतिथि विद्वान अर्धनग्न होकर सरकार को उसके वचन की याद दिला रहे है। सरकार जब तक हमारी मांग नियमितीकरण को पूरा नही करती है, तो प्रदेश भर के 5000 अतिथि विद्वान राजधानी भोपाल में डटे रहेंगे।
मंत्री के आश्वासनों से असंतुष्ट नज़र आये अतिथि विद्वान
मंत्री जीतू पटवारी के उद्बोधन के दौरान अतिथि विद्वान लगातार नियमितीकरण के नारे लगाते रहे। मंत्री जीतू पटवारी ने हर संभव तरीके से समझने का प्रयास किया किन्तु अतिथि विद्वान मंत्री जी के आश्वासनों को विभागीय वेबसाइट में प्रकाशित करने की बात कह रहे है ।
हमारे विशेष संवाददाता आलोक हरदेनिया अभी भी इस पूरे मामले पर नज़र बनाए हुए हैं
