Site icon Kesaria News

रायसेन में मामूली विवाद में हिंसा और आगजनी,1की मौत,दर्जनों घायल: इंटरनेट भी बंद!

प्रशासन ने की कार्यवाही

होली के रंग में भंग!

राजधानी से सटे रायसेन में मामूली विवाद में हिंसक झड़प,दर्जनों घायल और एक की मौत!

बड़ी खबर केसरिया खबर@sms

भोपाल,19/मार्च/2022

शुक्रवार को रायसेन जिले में बच्चों का मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दो पक्ष आपस में भिड़ गए और मारपीट के बाद हथियारों का उपयोग हुआ और जमकर हथियार चले।

 


दोनों ओर से आगजनी होने लगी। उत्पात कर रहे लोगों ने एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया।
हमले में करीब 50 लोगों के घायल होने की खबर है, वहीं राजू नाम के युवक की मौत हो गई है।
35 गंभीर घायलों को भोपाल के सरकारी हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। गांव में 4 थानों की पुलिस की मदद से मामला शांत कराया गया।

घटना शुक्रवार रात सिलवानी थाना क्षेत्र के प्रतापगढ़ जैथारी के पास ग्राम खमरिया पौड़ी की है। मामले में प्रशासन ने भी कार्यवाही  करते हुए दंगाइयों के मकान जेसीबी से तोड़ना शुरू कर दिए। उधर घायलों का हाल जानने के लिए शनिवार दोपहर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी भोपाल के हमीदिया अस्पताल पहुंचे।

मिली जानकारी अनुसार शुक्रवार रात गली से निकलने की बात को लेकर 2 समुदायों में विवाद शुरू हुआ। बाद में यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आक्रोशित लोगों ने वाहनों और मकानों में आग लगा दी। इसके बाद दोनों पक्षों में गोलियां भी चलनी शुरू हो गईं।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती….

घटना की जानकारी मिलते ही आईजी दीपिका सूरी, कलेक्टर अरविंद दुबे और पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल भी घटनास्थल पहुंच गए। गांव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है। इसके अलावा मोबाइल इंटरनेट सेवा को भी पूरी तरह से बंद कर दिया गया है!

 

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version