भोपाल: मध्य प्रदेश में किसानों के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार ने खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा कर दी है। धान की खरीद 2 दिसंबर से शुरू होगी, जबकि ज्वार और बाजरे की खरीद 22 नवंबर से ही शुरू हो जाएगी। सरकार ने पूरे राज्य में 1500 से ज़्यादा उपार्जन केंद्र स्थापित किए हैं ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी न हो।
इतना तय हुआ है समर्थन मूल्य
किसानों को धान के लिए ₹2300 प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान के लिए ₹2320 प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा। मालदंडी ज्वार के लिए MSP ₹3421 और ज्वार हाइब्रिड के लिए ₹3371 प्रति क्विंटल तय किया गया है। बाजरे के लिए ₹2625 प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। सरकार का लक्ष्य 45 लाख मीट्रिक टन धान, 3 लाख मीट्रिक टन बाजरा और 50 हजार मीट्रिक टन ज्वार की खरीद करना है।

