भोपाल: अरेरा हिल्स पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1 किलो 300 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार…
11/अप्रेल/2026… रिपोर्टर -सुनील शर्मा
भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 9 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भीम नगर स्थित खेल छात्रावास के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है।
सूचना के आधार पर उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परमार ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम राजू राय (50 वर्ष), निवासी भीम नगर अरेरा हिल्स भोपाल बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक के झोले में रखा 1 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ जब्त किया।
आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं। मामले की जांच उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परमार द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
नोट: आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी है। दोष सिद्ध होने तक आरोपी को कानूनन निर्दोष माना जाता है।

