बड़ी खबर केसरिया खबर@sms 04/फरवरी/2020
भोपाल डेस्क/आलोक हरदेनिया
अतिथि विद्वानों के परिवार और बच्चों की हाय सरकार को ले डूबेगी – शिवराज सिंह…
58 दिनों से नियमितीकरण की मांग को लेकर राजधानी में धरना दे रहे अतिथि विद्वान…
भोपाल – पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में आयोजित होने वाले आईफा अवार्ड समारोह को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने ट्वीट किया कि कांग्रेस सरकार पर सत्ता का नशा सिर चढ़कर बोल रहा है। अतिथि विद्वानों और उनके परिवार की पीड़ा दूर करने और उनका हक देने की बजाय करोड़ों रुपए आईफा अवॉर्ड की चकाचौंध पर उड़ाने के लिए सरकार बावली है। अतिथि विद्वानों के बच्चों और परिवार की हाय सरकार को ले डूबेगी। अतिथि विद्वान नियमितिकरण की मांग कर रहे हैं। चौहान ने कहा कि सरकार पहले प्रदेश की समस्याओं का हल करे।
अतिथिविद्वान दुर्दशा बनाम आईफा अवार्ड समारोह…
अतिथिविद्वान नियमितिकरण संघर्ष मोर्चा के मीडिया प्रभारी डॉ जेपीएस चौहान एवं डॉ आशीष पांडेय के अनुसार सरकार प्रदेश को चलाने लगातार बाजार से क़र्ज़ उठा रही है। कर्मचारी कल्याण की बात आने पर सरकार पैसों की तंगी का हवाला देती है। किन्तु मनोरंजन के लिए आईफा का आयोजन मध्यप्रदेश में करने जा रही है। यह सर्वथा अनुचित कदम है। मध्यप्रदेश में आइफा अवार्ड जैसे समारोहों का आयोजन जले में नमक छिड़कने के समान है।

अतिथिविद्वान कड़ाके की ठंड में मर रहे है जबकी नेता जी वातानुकूलित कमरों में आइफा के मनोरंजन का आनंद लेंगे। शायद इसी लिए भारी क़र्ज़ में डूबी प्रदेश सरकार के आईफा आयोजन की चौतरफा आलोचना हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कमलनाथ सरकार को आइना दिखाया है कि अतिथिविद्वानो के लिए खज़ाना खाली होने का हवाला दिया जाता है जबकि फिल्मी कलाकारों और फिल्मी आयोजन हेतु जनता की गाढ़ी कमाई का टैक्स का पैसा पानी के जैसे बहाया जा रहा है ।