Site icon Kesaria News

भोपाल के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे : सीएम

भोपाल के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे : सीएम शिवराज सिंह चौहान।

मुख्यमंत्री एवं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भोपाल महापौर एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल।

भोपाल, 07/अगस्त/2022

हम भोपाल की जनता के आभारी है जिन्होंने नगर निगम के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास जताया और मालती राय एवं पार्षदों को प्रचण्ड बहुमत से विजयी बनाया। नगर निगम के सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपील है कि जनता के इस विश्वास को कभी टूटने मत देना। केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है, हम मिलकर ग्रीन भोपाल- क्लीन भोपाल बनायेंगे।

भोपाल के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगे। यह बात मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष,सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भोपाल की नगर निगम महापौर मालती राय और पार्षदो के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने समारोह में महापौर मालती राय एवं सभी पार्षदों को बधाई दी।

हर जरूरतमंद तक सरकार की योजना पहुंचाना हमारा कर्तव्य।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भोपाल की हर गली-मोहल्ले में मैंने साइकिल चलाई है, यहीं के सरकारी स्कूल में पढ़ा हूं। यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे भोपाल एवं मध्यप्रदेश की सेवा का अवसर मिला। भोपाल अद्भुत शहर है,भोपाल हाईटेक, आईटी और मेट्रो सिटी बन रहा है। उन्होंने कहा कि भोपाल की आबोहवा खराब न हो, इसलिए पेट्रोल एवं डीजल से चलने वाले वाहनों के बजाय सीएनजी एवं बैटरी से चलने वाले वाहनों को बढ़ायेंगे। शहर में मेट्रो और बसें तो चलेंगी ही, साथ अब केबल कार के माध्यम से हवा में आवागमन की व्यवस्था का भी हमारा प्रयास है।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में 150 योजनाएं तथा इतनी ही योजनाएं राज्य सरकार की हितग्राही मूलक योजनाएं चल रही हैं। सभी पार्षद पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने में कोई कसर ना छोड़ें। हर जरूरतमंद तक सरकार की योजना पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।

जनता की समस्या सुनना और उसका समाधान करना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन उत्सव का दिन है, इसके तत्काल बाद काम के दिन शुरू हो जाएंगे। एक दिन भोपाल के विकास का पूरा खाका बनाकर हम भोपाल की जनता के साथ फिर बैठेंगे और रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। उस रोडमैप में वह चीजें प्रमुखता के साथ होंगी जो हमने संकल्प पत्र में व्यक्त की हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित पार्षदों से अपील करते हुए कहा कि हमेशा विनम्र बने रहना, धैर्य रखते हुए जनता की समस्या सुनना और उसका समाधान करना।

मुख्यमंत्री ने पार्षदो को आप संकल्प दिलाया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत वॉर्ड के हर घर पर तिरंगा लहरायेगा।

महापौर और पार्षद केवल पद के लिए नहीं जनता के सेवक!

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि चुनाव के समय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी ने पूरे प्रदेश के सभी नगरनिगमों, नगरपालिका और नगर परिषद के प्रत्याशियों को ‘ग्रीन और क्लीन’ शहर बनाने का संकल्प दिलाया था। भोपाल के सभी विजयी जनप्रतिनिधियों की यह प्रथम जिम्मेदारी है कि अपने वार्ड और अपने शहर को स्वच्छ और हरा- भरा बनाने के लिए कटिबद्ध रहें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार जनकल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

शर्मा ने कहा कि महापौर और पार्षद केवल पद के लिए नहीं जनता के सेवक है। भोपाल के समग्र विकास का संकल्प लेकर आप जनता की सेवा में जुट जाये। उन्होने कहा कि जिस प्रकार इंदौर पांच वर्षों से स्वच्छता में प्रथम रहा है, उसी प्रकार भोपाल को भी स्वच्छता में प्रथम बनायेंगे। वीडी शर्मा ने महापौर मालती राय और पार्षदों को बधाई दी।

महापौर को ज्ञापन सौंपते हुए वार्ड 7 से कांग्रेस पार्षद प्रियंका अनिल मिश्रा…

शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक कृष्णा गौर, वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिला प्रभारी महेन्द्र यादव, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, शैतान सिंह पाल, विकास विरानी, सुरजीत सिंह चौहान, सुनील पाण्डे, लिली अग्रवाल सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित नजर आए।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version