Site icon Kesaria News

छिंदवाड़ा सीट से कांग्रेस के नकुल नाथ 37 हजार वोटों से जीते

नकुल नाथ

Madhya Pradesh Elections Results Updates: मध्‍यप्रदेश ((Madhya Pradesh Lok Sabha Elections 2019)) की 29 सीटों में बीजेपी शानदार प्रदर्शन कर रही है. राज्‍य की ज्‍यादातर सीटों पर बीजेपी बढ़त बनाए हुए है.

भोपाल: 

MP Election Result Live Updates: मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव (Madhya Pradesh Lok Sabha Elections 2019) के परिणाम कांग्रेस पार्टी के लिए बेहद निराशाजनक रहे हैं. हालांकि राज्‍य का पहला परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहा है. छिंदवाड़ा सीट से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ (कांग्रेस) चुनाव जीत गए हैं. उन्‍होंने भाजपा के नथन शाह को 37,536 वोट के अंतर से हराया. उज्‍जैन सीट से बीजेपी के अनिल फिरोजिया और खरगौन सीट से इसी पार्टी के गजेंद्र सिंह पटेल चुनाव जीते हैं  फिरोजिया ने कांग्रेस के बाबूलाल मालवीय को 3,65,637 वोटों से हराया जबकि खरगौन से भाजपा के प्रत्याशी गजेन्द्र सिंह पटेल ने कांग्रेस के गोविन्द मुजाल्दा को 2,02,510 वोटों से हराया. राज्‍य में कमलनाथ के नेतृत्‍व में कांग्रेस सरकार होने के बावजूद परिणामों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘प्रचंड मोदी लहर’दिखाई दे रही है. प्रदेश की शेष 26 सीटों में से सभी पर भाजपा के उम्मीदवार आगे हैं  17 लोकसभा सीटों की मतगणना में भाजपा उम्मीदवारों की बढ़त का अंतर एक लाख से अधिक वोटों का है.भोपाल से भाजपा की साध्वी प्रज्ञा सिंह कांग्रेस के दिग्विजय सिंह करीब तीन लाख वोटों से बढ़त बनाए हैं, वहीं गुना लोकसभा सीट से कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा के केपी यादव से 50 हजार से अधिक वोटों से पीछे चल रहे हैं.इन्दौर में भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी कांग्रेस के पंकज संघवी से पांच लाख से अधिक वोट से आगे चल रहे हैं.

मुरैना लोकसभा सीट पर केन्द्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र सिंह तोमर 15 हजार से अधिक वोटों से आगे हैं. एक अन्य केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र सिंह टीकमगढ़ लोकसभा सीट से एक लाख 30 हजार से अधिक मतों से आगे हैं.खजुराहो से भाजपा के वीडी शर्मा कांग्रेस की उम्मीदवार कविता सिंह से एक लाख 78 हजार मतों से आगे हैं. खंडवा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नंदकुमार सिंह चौहान कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव से एक लाख 11 हजार से अधिक मतों से आगे हैं. पूर्व केन्द्रीय मंत्री और सांसद कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया रतलाम संसदीय क्षेत्र से भाजपा के गुमान सिंह डामोर से 91 हजार से अधिक मतों से पीछे चल रहे हैं.

मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के अजय सिंह सीधी लोकसभा सीट पर भाजपा की सांसद रिती पाठक से 61 हजार से अधिक मतों से पीछे चल रहे हैं. जबलपुर लोकसभा सीट से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा से एक लाख 10 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं. मंडल लोकसभा से पूर्व केन्द्रीय मंत्री भाजपा के फग्गन सिंह कुलस्ते कांग्रेस के कमल सिंह मरावी से 11 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं. ग्वालियर लोकसभा सीट से भाजपा के विवेक शेजवलकर कांग्रेस के अशोक सिंह से 38 हजार से अधिक वोटों से आगे हैं.
भाजपा के गढ़ विदिशा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के रमाकांत भार्गव कांग्रेस के शैलेन्द्र पटेल से एक लाख 84 हजार मतों से आगे हैं. होशंगाबाद लोकसभा सीट से भाजपा के वर्तमान सांसद उदय प्रताप सिंह कांग्रेस के शैलेन्द्र दीवान से दो लाख से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं.

मध्‍यप्रदेश में कांग्रेस की करारी हार के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि वह अपनी बात को जनता तक सही तरीके से नहीं पहुंचा पाए. देश में भाजपा की अगुवाई में एनडीए और राज्‍य में BJP को मिली सफलता पर प्रतिक्रिया जताते हुए कमलनाथ ने कहा, “यह सही है कि परिणाम हमारी उम्मीद के मुताबिक नहीं हैं. हम जनादेश को स्वीकार करते हैं, इसका सम्मान करते हैं. हम इसकी समीक्षा करेंगे. लोकतंत्र में हार-जीत चलती रहती है.”उन्होंने आगे कहा, मोदी जी व भाजपा को जीत की मेरी ओर से शुभकामनाएं. हर परिस्थिति में हम जनता के साथ हमेशा खड़े रहेंगे.” राज्य की 29 सीटों में से सिर्फ एक सीट छिंदवाड़ा में कांग्रेस को सफलता मिली है। यहां से कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ जीते हैं. वहीं छिंदवाड़ा विधानसभा के उप-चुनाव में मुख्यमंत्री कमलनाथ को जीत मिली है.

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version