Site icon Kesaria News

मंडला जिले में वाहन की टक्कर से नर्मदा परिक्रमावासी महिला की मौत, पति घायल

मंडला। महाराजपुर थाना क्षेत्र में नर्मदा परिक्रमावासी दंपती मालवाहक वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। वहीं पति का जिला अस्पताल में इलाज किया गया। महिला का नाम शालिनी अजसे 50 वर्ष निवासी नासिक महाराष्ट्र है। घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र के घाघा की बताई गई है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
महाराजपुर थाना के नर्मदा तट किनारे के गांव घाघा से साल्हेडंडा की तरफ जा रहे परिक्रमावासी दंपती आगे परिक्रमा को निकले थे। पीछे से मालवाहक के चालक ने शराब के नशे में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। महाराष्ट्र निवासी विश्वनाथ अजसे पिता चमनराव 60 वर्ष निवासी नासिक व शालिनी अजसे पति विश्वनाथ 50 वर्ष नर्मदा परिक्रमा कर रहे थे।
उन्होंने घाघा के नर्मदा सेवा आश्रम में विश्राम किया। इसके बाद अगले दिन परिक्रमा के लिए आगे के लिए रवाना हो गए। उस दौरान पीछे से आ रहे मालवाहक क्रमांक एमपी 20 जीए 9771 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। इस हादसे में शालिनी अजसे की मौत हो गई और विश्वनाथ अजसे घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाया गया। जहां शालिनी को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला धारा 304, 279, 337 के तहत दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और वाहन को भी जब्त कर लिया।
मृतिका शालिनी अजसे का पीएम जिला अस्पताल में रविवार को हुआ। उनके दोनों पुत्र मनमाड़ से आ गए थे। उनकी मौजूदगी में पीएम हुआ। जिसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए शव सौंप दिया गया। शव लेकर दोपहर बाद रवाना हो गए। इसके साथ ही घायल पिता को भी पुत्र अपने साथ लेकर गए। वे खतरे से बाहर हैं।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version