इंदौर। शहर के सबसे पुराने सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों के लिए दी गई जमीन पर शराब की दुकान तो खुल सकती है, लेकिन फैक्ट्री नहीं बनाई जा सकती। करीब पांच दशक पुराना औद्योगिक क्षेत्र अवैध कब्जों और गुंडागर्दी से परेशान है। औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-बी में उद्योग को आवंटित जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र (डीआइसी) की जमीन पर बदमाश फैक्ट्री नहीं बनाने दे रहे।
उद्योग के लिए आवंटित जमीन पर रात के अंधेरे में कब्जे हो रहे हैं। दूसरी ओर पहले से बनी एक फैक्ट्री में शराब की दुकान खोल दी गई। यह फैक्ट्री भी डीआइसी की जमीन पर है। गुंडागर्दी और कब्जों के खिलाफ उद्योगपति शिकायत कर परेशान है। न उद्योग विभाग सुध ले रहा है न पुलिस और प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।
केस एक : सांवेर रोड के सेक्टर-बी में सप्ताहभर पहले राज इंडस्ट्रीज नामक फैक्ट्री की जमीन पर निर्माण कर रहे उद्योगपति को कुछ लोगों ने धमका कर रोक दिया। इसके बाद रात में फैक्ट्री की जमीन पर कब्जा कर लिया। उद्योगपति को शासन (डीआइसी) ने 2019 में उद्योग बनाने के लिए जमीन आवंटित की थी। उद्योगपति और उद्योग संगठन ने करीब डेढ़ सप्ताह पहले उद्योग विभाग और पुलिस से शिकायत की। सुनवाई नहीं हुई तो 10 अप्रैल को कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर को शिकायत हुई। हालांकि कार्रवाई नहीं हुई।
औद्योगिक क्षेत्र में बाणगंगा ब्रिज के पहले फ्लामेक्स फूड्स नामक कंपनी के भवन में शराब की दुकान खोल दी गई। यह जमीन भी फैक्ट्री के लिए शासन (डीआइसी) द्वारा आवंटित की गई है। नियमानुसार न तो डीआइसी किसी दुकान और शराब की दुकान को जगह दे सकता है। ना ही उद्योगों की दी गई जमीन पर शराब बेची जा सकती है।
उद्योगों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में उद्योगपतियों ने अपने रुपयों से फायर ब्रिगेड स्टेशन बनाकर पुलिस के सुपुर्द किया गया। फायर ब्रिगेड स्टेशन की खाली जमीन पर रात में बाउंड्री बनाकर कब्जे हो गए। उद्योगपति शिकायत करने गए तो स्थानीय नेताओं ने ही धमका दिया।
इंदौर की फैक्ट्री में खुल गई शराब की दुकान, बदमाश रोक रहे कारखाने का निर्माण

