Site icon Kesaria News

वोट दो और जीतो डायमंड रिंग, बाइक समेत कई इनाम, प्रशासन की अपील पर व्यापारियों ने निकाली स्कीम

भोपाल। लोकसभा चुनाव में जिला प्रशासन वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए व्यापारियों के साथ मिलकर मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास कर रहा है। वहीं गुरुवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मार्केट एसोसिएशन के साथ बैठक हुई। जिसमें जिले के मतदान प्रतिशत बढ़ाने एवं अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिये प्रेरित करने के विषय में चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी प्रतिनिधियों को सात मई को मतदान करने की अपील की गई। साथ ही उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि सभी अपने-अपने स्तर पर अपने संस्थान के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिये प्रेरित करने, डिस्काउंट कूपन, आफर एवं गिफ्ट्स प्रदान करने का प्रयास करें, जिससे मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पहले मतदाता को स्पेशल बैज दिया जाएगा। मार्केट एसोसिएशन से विशिष्ट कार्य करने वाली संस्था को 15 अगस्त पर सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर लकी ड्रा के माध्यम से मतदाताओं को इनाम दिए जाएंगे।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन एवं मध्यप्रदेश चेंबर आफ कामर्स इंडस्ट्रीज से संबंध 92 व्यापारिक संगठन मतदाताओं को प्रोत्साहित करेंगे। सात मई के बाद एक भव्य समारोह में बंपर इनाम का ड्रा निकाला जाएगा। जिसमें लैपटाप, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, माउस, लंच बाक्स, हाट प्लेट, सफारी सूट लेंथ, कैप, टी शर्ट, मोबाइल फ़ोन , मोटर साइकिल, स्कूटी सहित कई बड़े इनाम लकी ड्रा में निकाले जाएंगे।टिंबर मर्चेंट व्यवसाय संघ की ओर से 25 हजार रुपये कीमत की डाइनिंग टेबल एवं कपड़ा व्यापारी संघ बैरागढ़ की तरफ से सफारी सूट तथा डायमंड रिंग की घोषणा की।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version