Site icon Kesaria News

अक्षय कांति बम के मैदान छोड़ने के बाद कांग्रेस के नेताओं में मंथन जारी

इंदौर। इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम द्वारा नामांकन वापस ले लिया गया | जिसके बाद इंदौर में कांग्रेस के नेताओं में हलचल मची हुई है | अक्षय कांति के बाद कांग्रेस के पास मोती सिंह पटेल भी विकल्प थे, लेकिन उनका भी नामांकन रद्द होने से कांग्रेस को दोहरा झटका लगा है।
वहीं कांग्रेस के पास विकल्‍प खत्‍म होने के बाद माना जा रहा है कि पार्टी अब मैदान में बचे किसी निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देकर जैसे-तैसे अपनी लाज बचाने की कोशिश करेगी।
जिसके बाद सोमवार शाम प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी स्थानीय कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पहुंचे। बंद कमरे में पटवारी, सज्जन वर्मा, शोभा ओझा, शहर अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा और पूर्व विधायक अश्विन जोशी ने करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा की। बाहर निकलकर पटवारी ने भाजपा पर लोकतंत्र खत्म करने का आरोप लगाया।
जीतू पटवारी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अब समझ सकते हैं कि कांग्रेस क्यों कहती रही है कि लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा के नेताओं ने इंदौर के नागरिकों का अपमान किया है। उनसे मतदान का हक भी छीन रही है। अब यह लोगों को भी सोचना होगा कि भाजपा को जो अटूट समर्थन वोटों को रूप में बीते चुनावों में दिया, उससे भाजपा नेता अहंकारी होकर ताकत का दुरुपयोग कर रहे हैं। नगर निगम में सैकड़ों करोड़ का भ्रष्टाचार भी इसी का नतीजा है।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version