धौलपुर में बिजली विभाग का बड़ा एक्शन, 20 ट्रांसफार्मर उतारे, 6 लाख रुपये की मौके पर वसूली
राजाखेड़ा (धौलपुर)। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) ने राजाखेड़ा उपखंड क्षेत्र में बिजली चोरी और बकाया बिलों की वसूली के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के तहत करीब 15 लाख रुपये की बकाया राशि वाले 20 ट्रांसफार्मर उतार दिए गए।

कार्रवाई के दौरान दबाव बढ़ने पर 10 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही लगभग 6 लाख रुपये की बकाया राशि जमा करा दी। भुगतान होने के बाद डिस्कॉम ने उनके ट्रांसफार्मर पुनः स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी, जबकि शेष उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा कराने पर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
बिजली चोरी करने वाले भी रडार पर
विशेष जांच अभियान के दौरान डिस्कॉम की सतर्कता टीमों ने कई उपभोक्ताओं को अवैध रूप से अधिक लोड के विद्युत उपकरणों का उपयोग करते हुए पाया। कार्रवाई के तहत कुल 65 वीसीआर (VCR) भरी गईं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार कुछ उपभोक्ता बिना वैध कनेक्शन अथवा मीटर बाईपास कर एयर कंडीशनर (AC) सहित अन्य भारी विद्युत उपकरणों का उपयोग कर रहे थे। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बकायेदारों और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बार-बार नोटिस और चेतावनी के बावजूद बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन स्थायी रूप से विच्छेदित किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि बिजली चोरी न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि इससे विद्युत तंत्र पर अतिरिक्त भार पड़ता है, जिसके कारण ईमानदार उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
किसानों से भी की अपील
धौलपुर के अधीक्षण अभियंता (SE) विवेक शर्मा ने किसानों से कृषि कनेक्शनों की बकाया राशि समय पर जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कई कृषि कनेक्शन ऐसे लोगों के नाम पर हैं जिनका निधन हो चुका है, जबकि भूमि वारिसों के नाम दर्ज नहीं हुई है। ऐसी स्थिति में कनेक्शन पुनः चालू (RC) कराने में तकनीकी समस्याएं आती हैं।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि कृषि कनेक्शन जीवित व्यक्ति के नाम स्थानांतरित कराएं, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो।
पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
यह संयुक्त कार्रवाई जिला पुलिस के सहयोग से की गई। अभियान में राजाखेड़ा जेईएन मयंक मिश्रा, मरेना जेईएन रणवीर सिंह, पुलिस बल तथा लगभग 20 विद्युतकर्मी शामिल रहे।
SE विवेक शर्मा ने कहा कि विशेष अभियान के तहत बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिजली बिल जमा करना चाहिए, ताकि उनकी विद्युत आपूर्ति सुचारू बनी रहे।
बाइट: विवेक शर्मा, अधीक्षण अभियंता, धौलपुर
रिपोर्ट: विजय शर्मा, धौलपुर (राजस्थान)