तेहरान: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के उत्तराधिकारी को लेकर बड़ा दावा किया जा रहा है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अयातुल्लाह अली खामेनेई ने अपने दूसरे बेटे मोजतबा खामेनेई को अपना उत्तराधिकारी नियुक्त किया है। वर्तमान में अयातुल्लाह अली खामेनेई की उम्र 85 वर्ष है। वह लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना कर रहहे हैं। ऐसे में वह अपनी मृत्यु के पहले ही ईरान के सर्वोच्च नेता का पद छोड़ने की योजना बना रहे हैं, ताकि मोजतबा उनके जीवनकाल में ही देश का नेतृत्व संभाल सकें।
सर्वसम्मति से नेता चुने गए मोजतबा
ईरानी शासन के विरोधियों से जुड़े फ़ारसी भाषा के आउटलेट ईरान इंटरनेशनल का हवाला देते हुए इज़राइली समाचार स्रोत Ynetnews ने बताया कि ईरान की असेंबली ऑफ़ एक्सपर्ट्स के 60 सदस्यों को 26 सितंबर को काफी गोपनीयता के बीच अली खामेनेई के उत्तराधिकार पर त्वरित निर्णय लेने के लिए बुलाया गया था। इस दौरान खामेनेई और उनके सहयोगियों के दबाव के कारण कमेटी ने मोजतबा के उत्तराधिकार पर सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की।

