मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द भारत दौरे पर आ सकते हैं। राजनयिक सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्ष इस यात्रा की संभावनाएं तलाश रहे हैं, लेकिन अभी इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस साल जुलाई में मॉस्को में जब पुतिन से मिले थे तो उन्हें भारत यात्रा के लिए आमंत्रित किया था। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि पुतिन की भारत यात्रा की तारीखों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
पुतिन आखिरी बार भारत कब आए थे
2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से पुतिन की यह पहली भारत यात्रा होगी। पिछली बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 6 दिसंबर, 2021 को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 21वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत का दौरा किया था। अभी तक, भारत ने आधिकारिक रूप से पुतिन की यात्रा पर मीडिया रिपोर्टों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

