मंत्री भदौरिया की गाड़ी की ट्रैक्टर से ज़ोरदार टक्कर, सिर में गहरी चोट के बाद अस्पताल में भर्ती….
ग्वालियर, 30/मई/2023
मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन राज्य मंत्री और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नजदीकी भिंड की महंगाव विधानसभा से विधायक और राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया की कार को मालनपुर औद्योगिक एरिया में एक तेज गति से चल रहे ट्रेक्टर ने उस समय टक्कर मार दी जब वे भिण्ड से ग्वालियर आ रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी गाड़ी के एक हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में भदौरिया गम्भीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में काफी गम्भीर चोटें हैं । ग्वालियर के बिड़ला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सिंधिया ने अपना दौरा बीच मे ही रोककर अस्पताल कॉल करके उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
घटना ग्वालियर मुख्यालय से बीस किलोमीटर दूर भिण्ड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में नेशनल हाइवे क्रमांक 719 पर स्थित केडबरी फैक्ट्री के सामने दोपहर तीन बजे घटित हुई। बताया गया कि भदौरिया अपनी गाड़ी से काफिले सहित ग्वालियर से अपने विधानसभा क्षेत्र मेहगांव की तरफ जा रहे थे तभी पीछे से तेज़ गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने ओवरटेक करके आगे निकलने का प्रयास किया। इस दौरान दोनो गाड़ियां जबरदस्त ढंग से भिड़ गईं। दोनो वाहनों की रफ्तार तेज थी इसलिए गाड़ियों की टक्कर बहुत ही खतरनाक थी । इसमें मंत्री की गाडी का एक हिस्सा तो पूरी तरह से नष्ट हो गया। इसके चलते मंत्री और उनका चालक दोनो घायल हो गए। उनके साथ चल रहे सुरक्षा गार्ड ने तत्परता से राहगीरों की मदद से मंत्री और उनके चालक को कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी से निकाला और अपनी गाड़ी से लेकर सीधे ग्वालियर दौड़े । उन्हें फटफट बिरला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घाव गहरे होने और काफी खून बह जाने से भदौरिया की हालत चिन्ताजनक हो गई थी । डॉक्टर्स ने उन्हें तत्काल ऑपरेशन थियेटर में ले जाकर घाव की सफाई की और टांके लगाए। इसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सभी अफसर भी बिरला हॉस्पीटल पहुंच गए । इनके अलावा भिण्ड और ग्वालियर के उनके समर्थक और बीजेपी के अनेक नेता भी असप्ताल पर मौजूद हैं । उनका उपचार कर रहे डॉ अजीत तिवारी ने बताया कि उनको घाव गहरे नही है इसलिए चिंता की बात नही है । उनके स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जा रही है ।

