Site icon Kesaria News

सारंगढ़ उप जेल में कैदियों से आनलाइन घूसखोरी

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सारंगढ़ उप जेल में पदस्थ कर्मचारी कैदियों से आनलाइन पैसे की मांग कर रहे हैं और पैसा नहीं देने पर मारपीट भी कर रहे हैं। पैसे के भुगतान के लिए कैदियों को क्यूआर कोड दिया जा रहा है। हाई कोर्ट ने इस पर मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है। कोर्ट ने पुलिस महानिदेशक जेल को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट पेश करने को कहा है। कैदियों के स्वजनों ने हस्तक्षेप याचिका दायर कर कोर्ट को आनलाइन घूसखोरी के संबंध में बताया। इसके अलावा बैंक खाते का नंबर भी पेश किया है, जिसके माध्यम से राशि दी गई है।

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व जस्टिस रविंद्र अग्रवाल के डिवीजन बेंच में जनहित याचिका की सुनवाई चल रही है। पीड़ित बंदियों के स्वजनों ने अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला के माध्यम से हस्तक्षेप याचिका दायर कर अपनी बात रखने की अनुमति कोर्ट से मांगी थी। कोर्ट की सहमति के बाद हस्तक्षेप याचिकाकर्ताओं ने डिवीजन बेंच को सारंगढ़ उपजेल में जेल अफसरों और मातहतों के माध्यम से चल रही भर्राशाही का पर्दाफाश करते हुए बताया कि जेल में बंद बंदियों से नकद राशि के साथ ही आनलाइन पेमेंट के लिए दबाव बनाया जाता है। जेल अफसरों द्वारा क्यूआर कोड भी दिया जाता है। भाई पर जब दबाव बनाया गया और मारपीट की गई तब मेरी पत्नी के मोबाइल और फोन पे के माध्यम से जेल अधीक्षक को साढ़े 14 हजार रुपये आनलाइन पेमेंट किया था। इसके बाद भी भाई के साथ मारपीट की गई और उसे अधमरा होते तक पिटाई की। हस्तक्षेपकर्ताओं ने आशंका जाहिर की है कि उसके भाई के जान को उपजेल में खतरा है। प्रदेश के किसी अन्य जेल में स्थानांतरण की गुहार लगाई है। हस्तेक्षपकर्ताओं ने संदीप कश्यप जेल अधीक्षक उपजेल सारंगढ़ तथा उपजेल सारंगढ़ में पदस्थ मुख्य प्रहरी राजकुमार कुरें एवं प्रहरी सुनील पांडेय, प्रहरी महेश्वर हिचामी तथा प्रहरी चित्रसेन चन्द्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हस्तक्षेपकर्ता दीपक चौहान ने बताया कि उसका सगा छोटा भाई दिनेश चौहान पिता घुराऊ चौहान निवासी ग्राम बोंदा, पुलिस थाना बरमकेला के अपराध क्रमांक. 83/2023 धारा 420, 467, 468, 471, 409 ,34 भादवि के आरोप में 27 मई 2023 से न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल सारंगढ़ में निरूद्ध है, व उक्त प्रकरण न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सारंगढ़ के समक्ष विचाराधीन है। 26 फरवरी 2024 को दोपहर लगभग 2:30 बजे मुझे किसी व्यक्ति के द्वारा मोबाइल फोन से बताया कि तुम्हारे भाई दिनेश चौहान को जेलर के द्वारा बहुत बेरहमी से मारपीट किया गया है, वह चल फिर नही पा रहा है, तथा खाना भी नहीं खा पा रहा है उसकी स्थिति बहुत गंभीर है। तब मैं,माता पिता तथा ग्राम बोंदा के भोलाराम डनसेना सारंगढ़ आये। मै एवं मेरी माता ने अपर जिला एंव सत्र न्यायाधीश सारंगढ़ के समक्ष उपस्थित होकर उक्त घटना की जानकारी दी।भाई के जानमाल की रक्षा करने और दोषी जेल अफसर व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिला एंव सत्र न्यायाधीश घटना की जांच कराने व मेरे भाई दिनेश चौहान को सामुदायिक हेतु स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने का निर्देश दिया। भाई दिनेश ने बताया कि 25 फरवरी 2024 को सुबह छह बजे जेल अधीक्षक संदीप कश्यप द्वारा मुझसे 50 हजार रुपये की मांग की। रुपये ना देने की बात पर जेल अधीक्षक,मुख्य प्रहरी राजकुमार कुर्रे व प्रहरी महेश्वर हिचामी ने डंडे व पट्टा से बेरहमी के साथ पिटाई की।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version