Site icon Kesaria News

नैनीताल के जंगलों में लगी आग, एयरफोर्स के एमआई -17 हेलीकॉप्टर से आग पर काबू पाने की चल रही कोशिश

उत्तराखंड | उत्तराखंड में नैनीताल व उसके आस पास के जंगलों में अचानक ही आग लगने की घटना सामने आयी है। सरकार ने आग पर काबू पाने के प्रयास में एयरफोर्स का एमआई-17 हेलीकॉप्टर लगा दिया है। पहले हेलीकॉप्टर ने शनिवार सुबह भीमताल झील से पानी भरा और पाइंस क्षेत्र में आग बुझाई।
बता दें कि नैनीताल से लगे पाइंस, भूमियाधार, ज्योलीकोट, नारायणनगर, भवाली, रामगढ़, मुक्तेश्वर आदि के जंगल इन दिनों बुरी तरह से धधक रहे हैं। इस साल बारिश कम होने के कारण सूखे जंगल जगह-जगह जल रहे हैं। दमकल विभाग और वन विभाग आग पर काबू पाने में लगा है। आग इतनी तेज है कि दोनों विभागों के अलावा आर्मी के जवान भी आग पर काबू पाने में जुट गए हैं।
मुख्यमंत्री और प्रशासन के आला अधिकारियों ने चर्चा के बाद फैसला लिया कि आग पर काबू पाने के लिए एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर की मदद ली जाए। इस मिशन के तहत एयरफोर्स का एमआई-17 हेलीकॉप्टर नैनीताल पहुंचा और मिशन पर निकल गया। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि पाइंस से लेकर लड़िया कांटा के जंगलों में आग अनियंत्रित रूप से बढ़ रही है, जिसे बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर को भेजा गया है। बात दें कि इससे पहले भी वर्ष 2019 और 2021 में इसी तरह अनियंत्रित आग पर काबू पाने के लिए एमआई-17 हेलीकॉप्टर बुलाया गया था।
वहीं नैनीताल के जंगलों में लगी आग पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ‘जंगलों की आग हमारे लिए बड़ी चुनौती है। हम इस पर लगातार काम कर रहे हैं। हमने सेना से भी मदद ली है। जल्द से जल्द इस आग पर काबू पाया जाए, ये हमारा प्रयास रहेगा। हम इस पर काम कर रहे हैं।’

 

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version