Site icon Kesaria News

दुल्हन बनीं शारदा सिन्हा ने विदाई के वक्त गाया था गाना, ऑडिशन में फेल होने पर की थी गला खराब करने की कोशिश

पद्म भूषण से सम्मानित ‘बिहार कोकिला’ शारदा सिन्हा 5 नवंबर को हमारा साथ छोड़ गई। पिछले चार दशकों में छठ के गीतों का पर्याय बन चुकीं शारदा सिन्हा को बिहार की लोकगायकी में जो सम्मान मिला, वह शायद ही किसी को नसीब हो। उनकी जिंदगी के कुछ अनछुए पहलुओं के बारे में बता रहे हैं निराला बिदेसिया:

शारदा सिन्हा के गीत और उनका क्रेज

तब घर में एक शख्स का काम ही हो गया कि समय-समय पर टेप रिकॉर्डर बजाए। समय के मिजाज के मुताबिक गीत बजाना। सुबह में भजन, दोपहर में गांव-घर के लोकगीत, फिर शाम को कुछ देर भजन या दूसरे गीत। गांव के लोग बाहर आकर बैठ जाते थे। शांत मन से गीत सुनते थे। ऐसा लगता था कि उनके लिए यह भी एक जरूरी काम हो। शाम को काम खत्म हो जाने के बाद घर पर काम करनेवाली महिला कामगारों से अगर गुजारिश की जाती कि थोड़ा काम और कर दें तो वो कहतीं कि जरूर कर देंगे, लेकिन शारदा सिन्हा का जो गीत हम कह रहे हैं, वह बजाना होगा और थोड़ी तेज आवाज में। वो गीत होते-‘कोयल बिना बगिया ना सोहे राजा,’ ‘लेले अईह हो पिया सेनुरा बंगाल से,’ ‘हमनी के रहब जानी दुनो परानी,’ ‘रोई रोई पतिया लिखावे रजमतिया…।’

पड़ोस की महिलाएं करती थीं फरमाइश

वहीं घर के आंगन में गीत सुनने के लिए बैठीं घर और पड़ोस की महिलाएं कहतीं कि ‘रामजी से पूछे जनकपुर की नारी,’ ‘कंकड़ी जनि मारअ ए मोरे राजा…’ जैसे गीत बजाओ। इन सबसे अलग शाम को गीत सुनने का इंतजार करते गांव के लोग ‘जल जाए जिहवा पापिनी राम के बिना…’ जैसे भजन-गीत सुनने की फरमाइश करते। अंत में फरमाइश में जीत कामगार महिलाओं की होती थी। इसके पीछे गीत सुनाकर ज्यादा काम करवा लेने के लालच वाला फॉर्म्युला होता था। शारदा सिन्हा से इस रूप मेरा में पहला परिचय था।’

विदाई के वक्त गाया गाना, गला खराब करने की कोशिश

शादी के बाद वह घर से विदा होकर गाड़ी तक आ गईं। घर में रुलाई का माहौल था। गाड़ी में बैठने से पहले घरवालों ने कहा, ‘बेटी शारदा, एक गीत गाकर जाओ।’ दुल्हन बनीं शारदा फिर से अपने घर के आंगन में लौटीं। चारों ओर घरवाले बैठे थे। घरवालों को एक गीत सुनाया। सब रोते रहे और वह विदा हुई। वह किस्सा भी सुनाया कि कैसे उन्होंने ऑडिशन में न चुने जाने पर आइसक्रीम खाकर गला खराब करने के बारे में सोचा। यह मानकर कि जब ऑडिशन में चुनी ही नहीं गई तो हुआ तो फिर इस गले की इतनी हिफाजत क्यों? लेकिन अगले दिन जब उन्हीं शारदा सिन्हा ने अपने गांव में गाए जानेवाले द्वार छेकाई गीत ‘द्वार के छेकाई नेग…’ गाया तो सिलेक्शन हो गया।

जब शारदा सिन्हा के घर में हुई चोरी, शारदा सिन्हा ने जो किया…

एक बार उनके घर में चोरी हुई। चोरी में उनके घर काम करनेवाला ही शामिल था। उनके पति बी. के. सिन्हा ने मुझे फोन किया तो उनके घर पहुंचा। उन्हें कहा कि आप परेशान न हों। मैं अभी सीधे पुलिस अधिकारियों को फोन करता हूं। मैं फोन मिलाने ही वाला था कि अंदर रूम से शारदा जी की आवाज आई। मैं उनके पास गया तो उन्होंने पूछा कि पुलिस तो उसे घर से उठा लेगी न ! फिर पिटेगी भी न ! उसे जेल भी होगी न ! मत करो फोन। हम सीधे बात कर उससे अपना सामान मांग लेंगे। उससे पूछेंगे कि क्या मजबूरी हुई कि तुमने विश्वासघात किया। पुलिस उसे पिटेगी तो अच्छा नहीं लगेगा। मेरे घर से रिश्ता-वास्ता है उसका। मैं उन्हें देखता रह गया। असल जीवन में इतनी ही कोमल हृदय की थीं वह। उन्हें जब मालूम हो जाए कि कोई किसी कॉन्सर्ट में बुला रहा है और उस कॉन्सर्ट का एक सामाजिक सरोकार है, उसके पास पैसे नहीं है तो फिर पैसे की मांग नहीं करती थीं।

छठ गीत थी पहचान की रेखा

सिवान के गांव पंजवार में वहां के गांधी कहे जानेवाले घनश्याम शुक्ल के आग्रह पर वह इसी तरह से गई थीं। घनश्याम शुक्ल ने कहा था कि बच्चियां आपको सुनना चाहती हैं। सिर्फ एक बार कह देने पर वह चली गई थीं। उनका यह सामाजिक सरोकार गीतों के चयन में भी आजीवन दिखता रहा। छठ गीत उनकी पहचान की रेखा थी। ‘जगदंबा घर में दियरा बार अइनी’ गीत से रातों-रात वह मिथिला की परिधि से निकल भोजपुरी समाज में, घर-घर में स्थापित हो गई थीं। शारदा जी ने सबसे ज्यादा गीत पलायन की पीड़ा, प्रेम की पीड़ा पर गाए। उन्होंने उन स्त्रियों को अपने गीतों से आनंद दिया, जिनके पति कमाने के लिए गांव-घर छोड़ परदेस जाते थे। ‘पनिया के जहाज से पलटनिया बनी अइहा पिया,’ ‘रोई रोई पतिया लिखावे रजमतिया,’ ‘गवना कराई सइयां,’ ‘पटना से बैदा बुलाई द’ उनके मशहूर गीत हैं। सभी गीतों का छोर पलायन से ही जुड़ता है। पलायन की पीड़ा और प्रेम से।

अब जब पीछे लौटकर सोचता हूं तो याद आता है कि क्यों कामगार महिलाएं शारदा सिन्हा के ऐसे गीतों को सुनकर ज्यादा काम करती थीं। उनकी मांग क्यों पलायन और प्रेम से जुड़े गीतों की ही होती थी। शायद शारदा जी की आवाज उनमें प्रेम की उम्मीद जगाती थी।
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version