भोपाल। हर घर नल से जल पहुंचाने के सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2019 में शुरू किए गए जल जीवन मिशन में मध्य प्रदेश के 51 हजार गांव शामिल हो गए हैं। इन गांवों के एक करोड़ 11 लाख 86 हजार 778 घर इस योजना से लाभान्वित होंगे। वर्तमान में 67 लाख 88 हजार 570 घरों तक नल से जल पहुंच रहा है।
हर घर में नल से पानी पहुंचने से गांवों की तस्वीर धीरे-धीरे बदल रही है। अब कई किमी दूर से नदी या कुएं से पानी लाने के लिए जद्दोजहद नहीं करनी पड़ती है। जल जीवन मिशन की सफलता पूर्ण करने के लिए प्रदेश में ‘जल-हठ’ अभियान जन आंदोलन के रूप में भी चलाने का निर्णय कर लिया गया है।
इसमें सरकार और समाज की भागीदारी से हर गांव, हर नगर में पुराने तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों का उन्नयन, विकास, सुंदरीकरण और गहरीकरण कराया जाएगा। साथ ही जल स्रोतों के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाकर पौधारोपण किया जाएगा।
अगर मध्य प्रदेश के जिलों का इस योजना में प्रदर्शन देखा जाए तो जल जीवन मिशन के अंतर्गत तीन लाख से अधिक घर चिह्नित करने वाले देश के टाप नौ जिलों में प्रदेश का रीवा शामिल है। यहां 3,90,342 घर चिह्नित किए गए हैं और रीवा प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। वहीं निवाड़ी जिले में सबसे कम 55 हजार 645 घर ही चिह्नित किए गए हैं।
जल जीवन मिशन की पूर्ण सफलता के लिए प्रदेश में जल-हठ अभियान के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं जल संवर्धन को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। प्रदेश में जल संरक्षण एवं संवर्धन की समृद्धशाली परंपरा रही है। प्रदेश की चंदेल और गोंडकालीन जल संरक्षण प्रणाली न केवल भारत में, बल्कि पूरे विश्व में प्रसिद्ध रही। अब इस अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों के अतिक्रमणों को प्राथमिकता से हटाया जाएगा।
प्रदेश के तालाबों और अन्य जल स्रोतों में अतिक्रमण से उनका कैचमेंट एरिया समाप्त होता जा रहा है। इससे जल स्रोतों में प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। सिंचाई और पीने का पानी लगातार कम हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के छोटे-छोटे नदी नालों में पहले वर्ष भर जल संरक्षित रहता था, लेकिन अब ये नदी-नाले समाप्तप्राय हो गए हैं। वर्षा के जल को संरक्षित करने एवं भूजल उन्नयन के लिए इन्हें पुनर्जीवित करने के प्रयास जल-हठ अभियान में किए जाएंगे।

