Site icon Kesaria News

कांग्रेस को झटका, पूर्व विधायक हरिवल्लभ शुक्ला समेत कई नेता भाजपा में शामिल, सीएम यादव बोले – प्रदेश की सभी 29 सीटों पर खिलेगा कमल

भोपाल। लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस पार्टी के नेताओं में दल-बदल का सिलसिला  है | इसी दौरान शनिवार को भाजपा ने कांग्रेस को एक और बड़ा झटका दे दिया, जब उसके कई नेता भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, भाजपा की न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक व पूर्व गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा की अध्यक्षता में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाना है। जो लोग देश और प्रदेश की सच्चे मन से सेवा करना चाहते हैं, भाजपा में उनका स्वागत है। लोकतंत्र में राजनीति बीजेपी पार्टी करती है। परिवारवाद केवल कांग्रेस में दिखता है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण का मतदान हुआ है, सभी जगह से अनुकूल परिणाम आएंगे। मोदी सरकार बनने जा रही है। मप्र में छिंदवाड़ा सहित सभी 29 सीटों में कमल खिलेगा। इस मौके पर उन्होंने कमल नाथ पर तंज कसा और बोले कि पहली बार बड़े महाराज अपने घर से निकल कर अपने मतदाताओं के बीच हाथ जोड़कर वोट मांगने निकले हैं। उनका छिंदवाड़ा माडल कितना खोखला है, सबने देखा है।

पूर्व विधायक हरिवल्लभ शुक्ला, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कमल सिंह रघुवंशी, कांग्रेस के इंटरनेट मीडिया प्रभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, कमल नाथ के करीबी संदेश गर्ग ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके साथ-साथ डा. नरोत्तम मिश्रा के गृहनगर दतिया के 100 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया।

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version