Site icon Kesaria News

कटनी में 4 करोड़ का चावल गायब, 32 ट्रकों की जांच के आदेश..

कटनी में 4 करोड़ का सरकारी चावल गायब! 32 ट्रकों का हिसाब नहीं, अब सात दिन में मांगी जांच रिपोर्ट

इंदौर, हरदा और नीमच भेजे गए थे 10,975 क्विंटल फोर्टीफाइड चावल | वाहन नंबरों और परिवहन चालानों में भी मिली गड़बड़ियां

भोपाल। मध्यप्रदेश के कटनी जिले से सरकारी खाद्यान्न के परिवहन में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य का 10,975 क्विंटल से अधिक फोर्टीफाइड चावल 32 ट्रकों के जरिए इंदौर, हरदा और नीमच भेजा जाना दर्ज है, लेकिन संबंधित जिलों में इसकी प्राप्ति का हिसाब नहीं मिल रहा है।

तीन जिलों के लिए रवाना हुआ था चावल

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इंदौर के लिए 8 ट्रकों में 2,641 क्विंटल, हरदा के लिए 14 ट्रकों में 4,763 क्विंटल और नीमच के लिए 10 ट्रकों में 3,569 क्विंटल चावल रवाना किया गया था। यह परिवहन अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच किया गया था।

तीन महीने तक पत्राचार, फिर भी कार्रवाई पर सवाल

संबंधित जिलों के अधिकारियों ने चावल नहीं पहुंचने को लेकर कटनी कार्यालय को पत्र लिखकर जानकारी दी थी। इसके बावजूद मामले में समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के आरोप सामने आए। मामला भोपाल मुख्यालय तक पहुंचने के बाद परिवहनकर्ता से 32 ट्रकों की पावती मांगी गई।

वाहन नंबर और चालान में भी गड़बड़ी

दस्तावेजों की पड़ताल में कुछ वाहन नंबरों के दोहराव और एक ही दिन एक वाहन के नाम पर दो अलग-अलग चालान जारी होने जैसी अनियमितताएं सामने आई हैं। परिवहनकर्ता ने चावल संबंधित गोदामों में जमा कराने का दावा करते हुए पावतियां पेश की हैं। अब तक एक ट्रक की पावती का सत्यापन कर इंदौर में चावल जमा होने की पुष्टि हुई है, जबकि शेष 31 ट्रकों की पावती और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना है।

खाद्य मंत्री ने दिए जांच के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का दल गठित कर निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए हैं। अपर मुख्य सचिव खाद्य के.सी. गुप्ता को सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।

मंत्री ने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या परिवहनकर्ता की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अब सबसे बड़ा सवाल: 32 ट्रकों में रवाना हुआ सरकारी चावल आखिर गया कहां? क्या परिवहन के दौरान लापरवाही हुई, दस्तावेजों में हेराफेरी हुई या निगरानी व्यवस्था की मिलीभगत से सरकारी खाद्यान्न का हिसाब गायब हुआ? जांच में इन सभी पहलुओं की पड़ताल जरूरी है। क्योंकि यह मामला सिर्फ सरकारी चावल का नहीं, बल्कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब हितग्राहियों के हिस्से के खाद्यान्न और सरकारी धन की जवाबदेही का भी है।

www.kesarianews.com

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version