Site icon Kesaria News

विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग, नेता प्रतिपक्ष ने राज्यपाल,अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को लिखा पत्र..

विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्यपाल, अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

भोपाल, 29 अक्टूबर 2025:

मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश के राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आगामी 16वीं विधानसभा के सप्तम सत्र (दिसंबर 2025) की अवधि बढ़ाने की मांग की है।

सिंघार ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि अधिसूचना के अनुसार सत्र की बैठकें 1 दिसंबर से 5 दिसंबर 2025 तक केवल चार दिनों के लिए निर्धारित की गई हैं, जो प्रदेश के ज्वलंत और जनहित से जुड़े मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा के लिए अपर्याप्त हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सामने कई महत्वपूर्ण विषय और नीतिगत प्रश्न हैं, जिन पर विस्तृत बहस आवश्यक है। सीमित अवधि में इन पर सार्थक चर्चा संभव नहीं होगी। उन्होंने आग्रह किया कि लोकतांत्रिक परंपरा और जनप्रतिनिधित्व की भावना को ध्यान में रखते हुए सत्र की अवधि बढ़ाई जाए, ताकि विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों को जनता के हित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा का अवसर मिल सके।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहाँ जनता की आवाज़ को पूरी गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने सत्र के विस्तार को लोकतांत्रिक संवाद की भावना को और सशक्त करने वाला कदम बताया।

लेखक: शैलेन्द्र मिश्रा

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version