ढाका: बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध प्राधिकरण ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया है। शेख हसीना के अलावा 45 लोगों के खिलाफ भी अरेस्ट वारंट जारी किया गया है। इसमें शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के शीर्ष नेता भी शामिल हैं। इस प्राधिकरण को शेख हसीना ने ही बनाया था ताकि साल 1971 में पाकिस्तानी सेना के नरसंहार में मदद करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई किया जा सके। अब इसी प्राधिकरण का इस्तेमाल करके मोहम्मद यूनुस की कार्यकारी सरकार ने शेख हसीना के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी करा दिया है।
शेख हसीना इस समय भारत में शरण लिए हुए हैं और अब बांग्लादेश की सरकार भारत से अवामी लीग की नेता को प्रत्यर्पित करने की मांग कर सकती है। शेख हसीन के छात्रों के आंदोलन के दौरान कथित रूप से मानवता के खिलाफ अपराध में कनेक्शन के आरोप में यह अरेस्ट वारंट जारी किया गया है। इस प्राधिकरण ने सरकार से कहा है कि वह शेख हसीना और 45 अन्य लोगों को अरेस्ट करके 18 नवंबर तक पेश करे। जिन लोगों को अरेस्ट करने का आदेश दिया गया है, उनमें शेख हसीना सरकार के कई मंत्री भी शामिल हैं।

