इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से अमेरिकी जेल में बंद पाकिस्तानी न्यूरोसाइंटिस्ट डॉ आफिया सिद्दीकी को माफ करने और रिहा करने की अपील की है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को लिखे पत्र में शहबाज शरीफ ने कहा कि आफिया सिद्दीकी को अमेरिकी न्यायालय ने 86 साल की जेल की सजा सुनाई है। शहबाज ने अपनी अपील में बाइडन से अनुरोध किया है कि वे अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करते हुए आफिया को माफी दें और मानवीय आधार पर उनकी रिहाई का आदेश दें।
अफगानिस्तान में अमेरिकी सैनिकों पर हमले की आरोपी 52 साल की आफिया सिद्दीकी 16 साल से अमेरिकी जेल में बंद है। शहबाज शरीफ ने जेल में रहने के दौरान आफिया सिद्दीकी की मानसिक और शारीरिक सेहत के बारे में चिंता जाहिर की और कहा कि कई पाकिस्तानी अधिकारियों ने काउंसलर एक्सेस के आधार पर सिद्दीकी से मुलाकात की है।

