Site icon Kesaria News

नेपाल के पूर्व डिप्टी पीएम गिरफ्तार, 1.35 अरब रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप, सरकार पर जमकर बरसे

काठमांडू: नेपाल में पुलिस ने पूर्व डिप्टी पीएम रबी लामिछाने को गिरफ्तार कर लिया गया है। सहकारी समितियों से संबंधित धन की हेराफेरी के मामले में शुक्रवार शाम उनकी गिरफ्तारी हुई है। वह राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष भी हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो की तैनात एक पुलिस टीम ने काठमांडू के वनस्थली में उनकी पार्टी के मुख्य कार्यालय से उन्हें गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए उन्हें पोखरा ले जाया जा रहा है क्योंकि मामला कास्की जिला पुलिस ने दर्ज किया था।

सरकार पर बरसे

न्यायाधीश कृष्ण जंग शाह की अध्यक्षता वाली कास्की जिला अदालत की पीठ ने लामिछाने की गिरफ्तारी की अनुमति प्रदान कर दी। पीठ ने 13 अन्य के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी किया। अरेस्ट वारंट जारी होने के बाद लामिछाने ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। इसके अलावा उन्होंने जांच की प्रक्रिया में पूरी तरह सहयोग की प्रतिबद्धता जताई। लामिछाने ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भ्रष्ट नेताओं को संरक्षण दिया जाता है। जबकि उनके जैसे आम नागरिक भ्रष्टाचार के आरोप का सामना करते हैं।

गिरफ्तारी से पहले दिया भाषण

लामिछाने ने गिरफ्तारी से पहले अपनी पार्टी के बाहर समर्थकों को भाषण दिया। उन्होंने कहा, ‘अगर मैंने भी समझौता कर लिया होता तो मेरी यह हालत न होती। लेकिन हम किसी भी समझौते के पक्ष में नहीं थे। हम सभी कानूनी परिणामों का सामना करने को तैयार हैं।’ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘सरकार मर गई है और हम शोक में हैं। आपकी कलाई घड़ी की कीमत लाखों में है, जबकि मैं हथकड़ी पहनता हूं। आप बिचौलियों की सेवा करते हैं और तस्करों की ओर से उपहार में दिए गए महंगे चश्मे पहनते हैं।’

Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Exit mobile version