ढाका: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस को अमेरिका में नए ट्रंप प्रशासन से निपटने में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि मोहम्मद यूनुस घोषित तौर पर डोनाल्ड ट्रंप के धुर विरोधी डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थक हैं। इसके अलावा उन्होंने 2016 में ट्रंप के चुनाव जीतने पर ऐसा बयान दिया था, जो अब उन पर भारी पड़ सकता है। ट्रंप पहले से ही मोहम्मद यूनुस को पसंद नहीं करते हैं। उन्होंने 2016 में बांग्लादेश से मिलने पहुंचे एक डेलिगेशन के सामने भी मोहम्मद यूनुस की आलोचना करते हुए कहा था कि वो मुझे चुनाव जीतते हुए नहीं देखना चाहते थे।
यूनुस का पुराना बयान पड़ेगा भारी
2016 में, ट्रंप के पहली बार राष्ट्रपति चुनाव जीतने के ठीक बाद, पेरिस में एक व्याख्यान देते हुए, यूनुस ने कहा था, “ट्रंप की जीत ने हमें इतना प्रभावित किया है कि आज सुबह मैं मुश्किल से बोल पा रहा था। मेरी सारी ताकत खत्म हो गई। क्या मुझे यहां आना चाहिए? बेशक, मुझे आना चाहिए, हमें इस गिरावट को अवसाद में नहीं जाने देना चाहिए, हम इन काले बादलों को दूर कर देंगे।” ट्रंप पर यूनुस के पिछले विचार और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की ट्रंप द्वारा सार्वजनिक रूप से निंदा किए जाने के कारण इस नोबेल पुरस्कार विजेता के लिए अमेरिका से निपटना मुश्किल हो सकता है।

