ओटावा: कनाडा के ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर के पुजारी जी को निलंबन के बाद फिर बहाल कर दिया गया है। उन्होंने मंदिर परिसर में भक्तों पर खालिस्तान समर्थकों के हमले के बाद हिंदुओं की एकजुटता का आह्वान करते हुए भाषण दिया था। मंदिर संगठन ने पहले उन्हें उनके भाषणों को लेकर सस्पेंड कर दिया था, लेकिन समीक्षा के दो दिन बाद उन्हें फिर से बहाल कर दिया गया है। पुजारी जी की पहचान राजिंदर प्रसाद के रूप में हुई है। उन्होंने हमले के बाद सैकड़ों हिंदुओं की भीड़ को संबोधित करते हुए चेतावनी दी थी कि “बटेंगे तो कटोगे।” उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो में कहा, “कनाडा में भी, हिंदुओं को एकजुट होने की जरूरत है… अगर आप एकजुट रहेंगे, तो आप बच जाएंगे।”
मंदिर समिति ने क्यों किया था सस्पेंड
मंदिर संगठन ने 7 नवंबर को एक बयान में कहा कि उसने पुजारी राजिंदर प्रसाद को “गतिविधियों में शामिल होने” के लिए अधिकृत नहीं किया है। बयान में यह भी कहा गया कि संगठन स्थिति की समीक्षा करने के बाद उन्हें बहाल कर रहा है। ब्रैम्पटन मंदिर के अध्यक्ष मधुसूदन लामा ने गुरुवार (7 नवंबर) को एक बयान में कहा, “हिंदू सभा ने पुजारी राजिंदर प्रसाद को हाल ही में हुई गतिविधियों में शामिल होने के लिए अधिकृत या अनुमति नहीं दी थी। हिंदू सभा को इन गतिविधियों में उनकी भागीदारी के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर, पुजारी राजिंदर प्रसाद को निलंबित कर दिया गया।”

