बिरसा मुंडा के ‘गांव’ का आदिवासी क्रिकेटर, कभी मिट्टी के घर में रहता था भारतीय ‘क्रिस गेल’!

नई दिल्ली: आज बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती है। झारखंड के बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के आज भी सबसे बड़े शख्सियत माने जाते हैं। उन्होंने अपना जीवन आदिवासी समुदायों के अधिकारों के लिए लड़ने के लिए समर्पित कर दिया था। आज के समय में आदिवासी समाज हर फील्ड में झंडे गाड़ रहा है। क्रिकेट भी इससे अधूरा नहीं है। आईपीएल 2024 की नीलामी में आदिवासी क्रिकेटर रॉबिन मिंज पर 3 करोड़ 60 लाख की बोली लगी थी।

मिंज ऑक्शन में बिकने वाले पहले आदिवासी क्रिकेटर

रॉबिन मिंज झारखंड के गुमला जिले के शिमल गांव के रहने वाले हैं। आईपीएल ऑक्शन में बिकने वाले पहले आदिवासी क्रिकेटर हैं। झारखंड के इस खिलाड़ी को 3 टीमें खरीदना चाहती थी। मुंबई इंडियंस ने सबसे पहले रॉबिन के टैलेंड की खोल की थी। घरेलू क्रिकेट में खेले बिना ही इस विकेटकीपर बल्लेबाज को ट्रेनिंग के लिए यूके भेजा था। हालांकि नीलामी में मुंबई उन्हें पूरी कोशिश के बाद भी नहीं खरीद पाई। गुजरात टाइटंस ने सबसे बड़ी बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ा।

एक्सीडेंट की वजह से लीग में नहीं खेल पाए

आईपीएल 2024 के शुरू होने से पहले रॉबिन मिंज का एक्सीडेंट हो गया था। रॉबिन अपनी कावासाकी सुपरबाइक चला रहे थे तभी दूसरी बाइक से टकराने के बाद उनका संतुलन बिगड़ गया। उन्हें ज्यादा चोट नहीं आई थी लेकिन इसके बाद भी आईपीएल 2024 में नहीं खेल पाए। 22 साल के इस विकेटकीपर बल्लेबाज को गुजरात टाइटंस ने रिलीज कर दिया है। वह एक बार फिर आईपीएल ऑक्शन में नजर आएंगे।

रांची का क्रिस गेल नाम से मशहूर

रॉबिन मिंज को रांची का क्रिस गेल कहा जाता है। वह अपने लंबे-लंबे छक्कों के लिए जाने जाते हैं। एक्सीडेंट के बाद उन्होंने पिछले महीने ही रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया। दो मैचों में वह बड़ा कमाल नहीं कर पाए और उनके बल्ले से 75 रन ही निकले। रॉबिन को उनके नो लुक सिक्स की वजह से भी जाना जाता है।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।