दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका की महिला गेंदबाज शबनीम इस्माइल ने भारत में खेले जा रहे महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में मंगलवार को इतिहास रच दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली और मुंबई के बीच खेले गए मुकाबले में इस्माइल ने 132.1 किमी/घंटा (82.08 मील प्रति घंटे) की गति फेंकी। यह महिला क्रिकेट इतिहास में फेंकी गई अब तक की सबसे तेज गेंद है।
शबनीम इस्माइल महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में मुंबई टीम का हिस्सा हैं। यह पहली बार है जब महिला क्रिकेट में 130 किमी/घंटा से अधिक की गति से गेंद फेंकी गई है। यह मैच के तीसरे ओवर की दूसरी गेंद थी, जिसका सामना ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग ने किया।
शबनीम इस्माइल दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर हैं, जिनका जन्म 5 अक्टूबर 1988 को हुआ।
उन्होंने जनवरी 2007 से अपने देश के लिए खेलना शुरू किया था। आज वे दक्षिण अफ्रीका के लिए वनडे और टी-20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं।
इस्माइल ने सभी आठ आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व किया है।
पिछले साल उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इससे पहले 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 128 किमी / घंटा (79.54 मील प्रति घंटे) की गति से गेंदबाजी की थी। 2022 में आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के दौरान दो बार 127 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
