जब बेयरस्टो से उलझ गए शुभमन, सरफराज व जुरैल, जाने क्या है मामला

नई दिल्ली | जब भारतीय गेंदबाज आर. अश्विन पांचवे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड की दूसरी पारी को बिखेरने में लगे थे, तो उस समय बल्लेबाज शुभमन गिल, सरफराज खान और विकेटकीपर ध्रुव जुरैल इंग्लिश बल्लेबाज जानी बेयरस्टो से मैदान में गर्मागरम बहस में उलझ गए थे। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की इस सीरीज के दौरान यह पहला मौका था, जब दोनों टीमों के खिलाड़ी इस तरह की बहस में उलझे हों।
वाकया शनिवार को उस समय हुआ जब अपना 100वां टेस्ट खेल रहे बेयरस्टो औऱ जो रूट के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी। रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में जसप्रीत बुमराह टीम की अगुआई कर रहे थे। मैच भारत की गिरफ्त में होने के बाद बुमराह ने अश्विन की जगह गेंद कुलदीप यादव को थमाई। पारी के 18वें ओवर में जब कुलदीप गेंद फेंकने के लिए बढ़ रहे थे, तब बेयरस्टो औऱ शुभमन गिल उलझ गए। यह पूरी बहस स्टम्स माइक में सुनाई दे रही थी।
बेयरस्टो शुभमन को याद दिला रहे थे कि किस तरह से एंडरसन ने उन्हें मैच के दूसरे दिन बोल्ड आउट किया था। इस समय शुभमन स्लीप में खड़े थे। शुभमन ने जवाब देते हुए कहा कि उससे पहले वह शतक जड़ चुके थे। गिल ने साथ ही बेयरस्टो के सीरीज में खराब प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की। विकेटकीपर जुरैल ने मामला शांत करने का प्रयास किया। कुलदीप के पहली गेंद फेंकने के बाद सरफराज ने भी बेयरस्टो के खिलाफ टिप्पणी की।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।