नाइट्रिक आक्साइड : नोबेल पुरस्कार, नोवल कोरोना उपचार और प्राणायाम!

नाइट्रिक आक्साइड : नोबेल पुरस्कार, नोवल कोरोना उपचार और प्राणायाम…..

बड़ी खबर केसरिया खबर@sms

18/अप्रैल/2020


होशंगाबाद राजेन्द्र हरदेनिया (वरिष्ठ पत्रकार)…

इस समय पूरी दुनिया नोवल कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ या ‘सार्स-कोवी-2’ की महामारी से जूझ रही है, जिसके बारे में आशंका है कि यदि इस पर नियंत्रण नहीं हुआ तो यह करोड़ों लोगों का जीवन लील जायेगी । हृदय उपचार में नाईट्रिक आक्साइड गैस की भूमिका के कारण 1992 में इस अणु को “मालीक्यूल आफ द ईयर” की उपाधि दी गई थी तथा उसके शोधकर्ता तीन वैज्ञानिकों को 1998 में नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था । आज कोरोना वायरस के इलाज के सिलसिले में दुनियां के कई देशों में नाईट्रिक आक्साइड गैस को सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचाने की क्लीनिकल ट्रायल की जा रही है । दो दवा कंपनियों को क्लीनिकल ट्रायल कर इनहेलर बनाने की स्वीकृति अमेरिका व कनाडा सरकारों ने दे दी है । उसी ‘नाइट्रिक आक्साइड’ के बारे में स्वीडन के वैज्ञानिकों ने सन् 2002 में शोध से सिद्ध किया कि विशेष प्रक्रिया के श्वसन खासकर गुंजनयुक्त सांस छोड़ने मे करने से मनुष्य के नथुनों में नाईट्रिक आक्साइड गैस बनती है । उल्लेखनीय है कि वैज्ञानिकों ने जिसे श्वसन की विशेष प्रक्रिया कहा है वह प्रक्रिया भारतीय योग परंपरा में ‘प्राणायाम’ के अंतर्गत एक तरह का प्राणायाम है ।


नाइट्रिक आक्साइड अणु: हृदय प्रणाली पर असर की खोज् के लिए नोबेल पुरस्कार:
अमेरिका के तीन औषधि वैज्ञानिकों को सन 1998 में नाइट्रिक आक्साईड (एनओ) गैस की हृदय रोग के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका की खोज के लिए नोबल पुरस्कार दिया गया । इन वैज्ञानिकों के नाम हैं (1). राबर्ट एफ. फुर्चगोट, पीएच.डी. (2). लुईस जे. इग्नारो, पीएच.डी. तथा. (3). फेरिड मुराड, पीएच.डी., एम.डी. । इनकी खोज कार्डियोवस्कुलर सिस्टम (हृदय प्रणाली ) में नाइट्रिक आक्साइड अणु की भूमिका संकेतन-अणु (सिग्नलिंग मालीक्यूल) के रूप में पहचानने को लेकर थी । ये तीनों वैज्ञानिक अपने अपने संस्थानों की प्रयोगशालाओं में लंबी अवधि से इस विषय में शोध कर रहे थे ।

राबर्ट एफ.फुर्चगाट …औषधि विज्ञानी,

लुईस जे.इग्नारो…ब्ररुकलिन,न्यूयार्क.

फेरिड मुरा…औषधि विज्ञानी,टेक्सास ह्यूस्टन….


नाइट्रिक आक्साइड (एनओ) एक गैस है जो जैविक क्रियाओं में संकेत प्रेषण करती है । नाइट्रोजन आक्साइड अणु के द्वारा एक कोशिका (सेल) में संकेत प्रेषण होता है, जो उसके नीचे की कोशिका की झिल्ली को भेदते हुए उसकी क्रियाओं को नियंत्रित करता है । हृदय की सिकुड़ती धमनी की कोशिकाओं में संकेतन-अणु उनकी सिकुड़न दूर कर उन्हें लचीला बना देते हैं, जिससे हृदय में रक्त प्रवाह की रुकावट दूर हो जाती है । “प्रणाली में संकेतन” यह जीव विज्ञान के लिए एक बिलकुल नया सिद्धांत था । नाइट्रिक आक्साइड (एनओ) मालीक्यूल की भूमिका को एक ‘संकेतन-अणु’ ( सिग्नलिंग मालीक्यूल ) के रूप में खोजा जाना एक चमत्कार था । इसने चिकित्सा विज्ञान में क्रांति ला दी । इस कारण सन् 1992 में विज्ञान जगत की विश्वप्रसिद्ध पत्रिका ‘साइंस’ ने नाइट्रोजन आक्साईड के इस अणु को “ मालीक्यूल आफ द ईयर” घोषित किया । इसके 6 वर्ष बाद उपरोक्त वे तीन वैज्ञानिक, जिन्होंने यह खोज की थी, उन्हें इस खोज के लिए 1998 में स्वीडन में ‘फिजियालाजी व मेडिसन’ के तहत नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया । इस खोज ने हृदय रोग के इलाज के दरवाजे खोल दिए । उसके बाद से नाइट्रिक आक्साइड के मानव शरीर पर असर को लेकर लगातार शोध कार्य होता रहा है ।


रसायन शास्त्र के अनुसार एक परमाणु नाइट्रोजन (एन) तथा एक परमाणु आक्सीजन (ओ) के मेल से नाइट्रिक आक्साइड (एनओ) अणु बनता है । नाइट्रोजन आक्साइड एक गैस है जो अस्थिर है जो दस सेकेंड तक टिकती है फिर नाइट्रस आक्साइड में बदल जाती है । नाइट्रिक आक्साइड का काम तंत्रिका तंत्र में संकेतन-अणु का है । उपचार में सारी भूमिका इसी अणु की है । इस गैस के अणु हृदय की सुरक्षा करते हैं, मस्तिष्क को स्फूर्ति देते हैं, बैक्टीरिया मारते है । एक संकेतन अणु के रूप में हृदय की प्रणाली में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के अलावा भी इसके कार्यों की लंबी श्रंखला है । यह संक्रमण के खिलाफ एक हथियार की तरह, रक्त दाब में एक नियंत्रक की तरह तथा विभिन्न अंगों में रक्त प्रवाह के लिए एक दरबान की तरह काम करती है । संक्रमण के कारण जब फेफड़ों की आक्सीजन ग्राह्यता घट जाती है व रक्त में आक्सीजन नहीं मिल पाती ऐसी स्थिति में श्वसन से फेफड़ों तक पहुचाई जाने वाली नाइट्रोजन आक्साइड संक्रमण को हटाकर आक्सीजन ग्राह्यता को संभव बनाती है ।


कोरोना इलाज में नाइट्रिक आक्साइड की भूमिका. क्लीनिकल ट्रायल हेतु सरकारों की हरी झंडी…
पूरी दुनिया में कोविड-19 के ठीक ठीक इलाज के लिए वेक्सीन तथा एंटी वायरल दवा तैयार करने के लिए व्यापक स्तर पर शोध जारी है । उसी सिलसिले में ही अमेरिका, कनाडा, इटली तथा चीन समेत कई देशों के वैज्ञानिक कोविड-19 कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए ‘नाइट्रिक आक्साइड’ गैस के श्वसन पर क्लीनिकल ट्रायल कर रहे हैं । फेफड़ों के लिए पहले से यह एक जाना माना इलाज रहा है । वैज्ञानिकों और डाक्टरों ने सार्स तथा उसके जैसी अन्य फेफड़े की घातक बीमारियों के इलाज में सांस के साथ नाइट्रिक आक्साइड गैस को इनहेल करने अर्थात फेफड़ों में भरने पर इसके चमत्कारी असर को देखा है, इसलिए कोरोना वायरस से निपटने के लिए वैज्ञानिकों का ध्यान इस गैस पर भी केन्द्रित हो गया है । व्यापक पैमाने पर इसकी तैयारी चल रही है ।
नाइट्रिक आक्साइड का महत्व तो इतना आंका गया है कि वैज्ञानिक कम मात्रा में नाइट्रिक आक्साइड श्वसन की सलाह डाक्टरों तथा अन्य सहयोगी स्टाफ को भी दे रहे हैं जो कोरोना वायरस के मरीजों की चिकित्सा व देखभाल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिससे उनके फेफड़े स्वस्थ रहें व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ी रहे जिससे संक्रमित रोगियों के संपर्क में आने पर उनपर संक्रमण निष्प्रभावी रहे ।


‘सार्स (सिवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम) कोरोना वायरस’ आउटब्रेक के दौर में लगभग दो दशक पहले चीन के वैज्ञानिकों ने इस बात के प्रमाण पाये थे कि नाइट्रिक आक्साइड गैस मरीजों में सार्स कोरोनावायरस को मार सकती है या उसकी वृद्धि रोक सकती है । जबकि अन्य वैज्ञानिकों ने प्रयोगशाला में भी ऐसे ही निष्कर्ष निकाले थे । चूंकि कोविड-19 भी सार्स जैसा ही कोरोनावायरस है, जिसे सार्स- कोव-2 कहा गया है । वैज्ञानिकों को विश्वास है कि कोविड-19 पर भी ‘इनहेल नाइट्रिक आक्साइड’ का इलाज कारगर होगा ।
मेसाचुसेट्स जनरल हास्पिटल के निष्चेतना प्रमुख व हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के प्रोफेसर वारेन झपाल के अनुसार जब वेन्टीलेटर से भी मरीज पूरी आक्सीजन नहीं ले पाता, वेंटीलेटर से दी जाने वाली आक्सीजन उसके संक्रमित फेफड़ों के अंदर नहीं जा पाती, तब नाइट्रोजन आक्साइड गैस एक बचाव चिकित्सा के रूप में काम आती है । सांस के जरिये मरीज के फेफड़ों में नाइट्रोजन आक्साइड पहुंच कर फेफड़ों में आक्सीजन प्रवेश को संभव बनाती है । प्रो. वारेन व उनके सहयोगी कोविड-19 मरीजों के दो ग्रुप बनाकर ट्रायल कर रहे हैं जिनमें एक ग्रुप संक्रमण से गहन रूप से प्रभावित है तथा दूसरा ग्रुप मध्यम रूप से । उन्हें उम्मीद है कि नाइट्रिक आक्साइड के प्रयोग से संक्रमितों को संकट से उबार लेंगे ।


20 मार्च 2020 को अमेरिकी सरकार के ‘एफ.डी.ए’. (फुड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) ने ‘बेल्लेरोफोन थेराप्युटिक्स’ नाम की एक कंपनी, जो हृदय और फेफड़ों से संबंधित दवाइयां तथा यंत्र बनाती है, को कोविड-19 से संक्रमित मरीजों को बड़ी मात्रा में नाइट्रिक आक्साइड के साथ श्वसन कराने के लिए डिलीवरी सिस्टम तैयार करने की स्वीकृति दी । इस कंपनी के शोधकर्ता वैज्ञानिकों के अनुसार सार्स और कोविड-19 में आनुवांशिक समानता है । वहां भी सार्स के इलाज में पाया गया था कि नाइट्रिक आक्साइड के श्वसन से वेंटीलेटर की जरूरत घट गई थी । मार्च में ही बेल्लेरोफोन कंपनी ने कोविड-19 संक्रमित मरीज का सफलता पूर्वक इलाज कर उसे ठीक कर दिया है । कंपनी का दावा है कि नाइट्रिक आक्साइड डिलीवरी सिस्टम का जो यंत्र उसने बनाया है अमेरिका के वेंटीलेटर्स की कमी पूरी करेगा तथा मरीज को वेन्टीलेटर के लिए अस्पताल में भर्ती रहने की जरूरत भी नहीं होगी । हाल ही में 1 अप्रेल 2020 को ‘थेराप्युटिक प्रोडक्ट्स डायरेक्टोरेट आफ हेल्थ, कनाडा’ ने दो शीर्षस्थ औषधि निर्माता कंपनियों ‘मल्लिन्क्रोथ पीएलसी’ तथा ‘नोवोटिरिस’ को “फेफड़ों के कठिन बेक्टीरियल और वायरल संक्रमण का इनहेल्ड गैस नाइट्रिक आक्साइड से माइक्रोब विरोधी इलाज” के तहत संयुक्त पायलट क्लीनिकल ट्रायल की अनुमति प्रदान की है । ये कंपनियां अपने अपने यंत्रों की मदद से कोविड-19 मरीजों को निर्धारित मात्रा में नाइट्रिक आक्साइड श्वसन कराएंगीं ।
नाइट्रिक आक्साइड का शरीर में बनना वैज्ञानिक शोधों से सिद्ध
हृदय और फेफड़ों के इलाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली यह गैस जो रसायन प्रयोगशाला में तैयार की जाती है, वह हमारे शरीर में भी कई कोशिकाओं में स्वाभाविक तौर से उत्पादित होती है । शरीर में यह कैसे बनती है, तथा क्या भूमिका अदा करती है, इस प्रक्रिया को समझने के लिए लंबे अरसे से वैज्ञानिक प्रयोग करते रहे हैं ।


इस सिलसिले में अमेरिकन जर्नल आफ रेस्पिरेटरी एंड क्रिटिकल केयर मेडीसन नाम की पत्रिका के वाल्यूम 166 अंक 2 में 25 मार्च 2002 को डिपार्टमेंट आफ एनेस्थियालाजी एंड इंटेंसिव केयर , केरोलिंसका हास्पिटल, स्टाकहोम, स्वीडन के दो वैज्ञानिक एड्डी वीझबर्ग तथा जान ओ.एन. लुंडबर्ग की वैज्ञानिक शोध का एक पेपर प्रकाशित हुआ । इसमें बताया गया था नाक के नथुने नाइट्रिक आक्साइड का उत्पादन करते हैं । श्वसन क्रिया में नथुनों से चुपचाप, बिना आवाज के छोड़ी जाने वाली सांस में जितनी मात्रा में नाइट्रिक आक्साइड निकलती है, उसकी तुलना में गुंजन के साथ सांस छोड़ी जाने पर पैदा होने वाली नाइट्रिक आक्साइड की मात्रा 15 गुनी तक बढ़ जाती है । अपने प्रयोगों में उन्होंने दोनों स्थितियों में निकलने वाली गैस की मात्रा का मापन केमोफ्लोरोसेंस पद्धति से किया था । अपने शोधपत्र में उन्होंने अपने प्रयोगों का विस्तृत विवरण दिया जिनके आधार पर उन्होंने ये निष्कर्ष निकाले थे । इसके बाद में भी इस दिशा में लगातार काम होता रहा है, तथा शोधपत्र प्रकाशित होते रहे हैं । श्री जान ओ.एन. लुंडबर्ग ने (अपने सहयोगी साथियों के साथ) फेफड़े में संक्रमण के कारण उसके रक्त प्रवाह में होने वाले अवरोध की स्थिति में नाइट्रिक आक्साइड गैस के प्रयोग का अध्ययन किया । यह गैस बाहरी स्रोत के बजाय नथुने में ही पैदा होती थी । इस प्रयोग से निकले निष्कर्षों के आधार पर एक पेपर 2010 में प्रकाशित किया था ।
इससे स्पष्ट है कि नाइट्रिक आक्साइड एक संकेतन अणु (सिग्नलिंग मालीक्यूल) के रूप में विशेष परिस्थितियों में मानव जीवन रक्षा में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है ।


भारतीय योग, प्राणायाम व नाइट्रिक आक्साइड


जहां पश्चिम में नाइट्रिक आक्साइड को लेकर इतने महत्वपूर्ण शोध हुए हैं, उनके संदर्भ को सामने रखते हुए यहां यह उल्लेख करना उचित होगा को भारतीय योग पद्धति में कुछ प्राणायाम की क्रियाओं को इस वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझा जाना चाहिए ।
योग की भाषा में नाक से जब सांस खींचकर भीतर फेफड़े व डायफ्राम तक भर लेते हैं यानी इनहेल करते हैं उसे पूरक कहते हैं तथा जब वही भीतर की सांस को नाक से बाहर छोड़ते हैं, यानी एक्झेल करते हैं उसे रेचक कहते हैं । एक प्राणायाम भ्रामरी है । इसमें आंख, कान व मुंह बंद करके दोनों नथुनों से सांस भीतर फेफड़े में पूरी तरह भरते हैं ( इन्हेल, पूरक ) व उसके बाद भंवरे के गुंजन जैसी आवाज करते हुए धीरे धीरे नथुनों से निकाली जाती है ( एक्झेल, रेचक) । भ्रामरी प्राणायाम जहां मष्तिष्क के लिए बहुत उपयोगी है वहीं नाइट्रिक आक्साइड भी पर्याप्त मात्रा में पैदा कर सकता है ।

FP/DEMO PIC.


अनुलोम-विलोम एक प्राणायाम है जिसमें एक नथुने से सांस ली जाती है तथा दूसरे नथुने से निकाली जाती है, यह आधा चक्र होता है । इसके बाद जिस नथुने से सांस निकाली गई, उसी नथुने से पुन: लेकर पहले नथुने से निकाली जाती है । इतने से एक चक्र पूरा होता है । इस क्रिया में रेचक के साथ भंवरे जैसी गुंजन की आवाज निकालने पर नासिका में नाइट्रिक आक्साइड का उत्पादन होता है । नासिका में जो नाइट्रिक आक्साइड गैस बनती है वह अगले पूरक के साथ अंदर फेफड़ों में चली जाती है । वैज्ञानिक प्रयोगों में यह सिद्ध किया जा चुका है कि गुंजन के साथ रेचक करने से नाइट्रिक आक्साइड का उत्पादन 15 गुना तक बढ़ जाता है ।
इस तरह प्राणायाम व योग का अभ्यास करने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाई जा सकती है । कोरोना वायरस के इस दौर में प्राणायाम का अभ्यास एक वरदान साबित हो सकता है । प्राणायाम में न तो नाइट्रिक आक्साइड के अतिरिक्त स्रोत की आवश्यकता है और न ही इन्हेलर यंत्र की । यह शरीर के भीतर ही नासिका में उत्पादित होती है और पूरक के साथ ही इनहेल हो जाती है । इसमें एक सावधानी अवश्य ही रखना चाहिए कि यदि प्राणायाम के बारे में पहले से नहीं जानते हैं तो प्राणायाम अनुभवी, योग्य गुरु के सानिध्य में समझना व सीखना चाहिए ताकि उससे पूरा पूरा लाभ मिल सके व बिना समझे गलत करने से कोई नुकसान न हो पाए ।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।