बंगलुरु | अश्लील टेप मामले में जेडीएस सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा पूर्व कर्नाटक मंत्री एचडी रेवन्ना और उनके बेटे एवं हासन के सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ नए मामले दर्ज किए गए हैं। युवक ने आरोप लगाया कि प्रज्ज्वल ने उसकी मां को वीडियो वायरल होने के बाद अपहरण कर लिया था। बता दें कि एचडी रेवन्ना ने शुक्रवार को बंगलूरू सत्र अदालत में अपनी जमानत याचिका वापस ले ली। दरअसल, एसआईटी ने अदालत को बताया कि उनके खिलाफ दर्ज मामले में कोई गैर-जमानती आरोप नहीं हैं।
इससे पहले इस मामले में प्रज्ज्वल के खिलाफ कर्नाटक पुलिस की विशेष जांच टीम ने मामला दर्ज किया था। प्रज्ज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते हैं। एएनआई के अनुसार, उन्हें एफआईआर में एकमात्र आरोपी के तौर पर नामित किया गया है। एसआईटी की टीम ने गुरुवार को मजिस्ट्रेट की अदालत में एफआईआर सौंपी।
प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें धारा 376(2)(एन), 506, 354ए(1)(ii), 354(बी) एवं 354(सी) और आईटी अधिनियम की धाराएं भी शामिल हैं।
इससे पहले प्रज्ज्वल रेवन्ना और उनके पिता एचडी रेवन्ना के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामाला दर्ज किया गया था। उनके घर में काम करने वाली एक महिला ने दोनों के खिलाफ यौन उत्पीड़न करने, धमकी देने, पीछा करने और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया था। प्रज्ज्वल रेवन्ना हासन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद वह विवादों में फंस गए।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
