नई दिल्ली: कनाडा में पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के घर पर हुई गोलीबारी की घटना में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक कथित सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। 25 वर्षीय अभिजीत किंगरा नाम के इस व्यक्ति को कनाडाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। किंगरा कनाडा के मनिटोबा प्रांत के विन्निपेग का रहने वाला है। बता दें कि 1 सितंबर 2024 की रात को ढिल्लों के घर पर कई गोलियां चलाई गई थीं और दो गाड़ियों को आग लगा दी गई थी। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति रात में घर के बाहर ऑटोमेटिक पिस्टल से फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा था।
दूसरे संदिग्ध की भी तलाश जारी
इस मामले में कनाडाई पुलिस दूसरे संदिग्ध 23 वर्षीय विक्रम शर्मा की तलाश कर रही है। पुलिस का मानना है कि घटना के बाद विक्रम शर्मा भारत भाग गया है। कनाडाई पुलिस ने शर्मा की कोई तस्वीर जारी नहीं की है, लेकिन उसका हुलिया जारी किया है। पुलिस के अनुसार विक्रम शर्मा एक दक्षिण एशियाई व्यक्ति है, जिसकी ऊंचाई 5.9 है और वजन लगभग 200 पाउंड (लगभग 90 किलोग्राम) है। उसके काले बाल और भूरी आंखें हैं।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
